बच्ची से रेप-हत्या के आरोपी का एनकाउंटर: सीन रीक्रिएशन के दौरान भागने का प्रयास, गोली लगने से घायल

राजधानी में 11 वर्षीय बच्ची के अपहरण, रेप और हत्या के सनसनीखेज मामले का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को घटनास्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएट कराने के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने कथित रूप से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की। लेकिन नहीं रुकने पर पैर में गोली मारनी पड़ी। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान बबलू के रूप में हुई है। जो पेशे से एप आधारित टैक्सी चालक है। उस पर 11 वर्षीय बच्ची के अपहरण, रेप और हत्या का आरोप है। पीड़िता गुब्बारे बेचकर परिवार की मदद करती थी। अपने परिजनों के साथ फुटपाथ पर रहती थी। सोमवार सुबह वह फुटपाथ पर सो रही थी, तभी आरोपी उसे अपने साथ ले गया। बाद में उसकी बॉडी महरौली के जंगल क्षेत्र से बरामद की गई।
CCTV और मुखबिर की मदद से चार घंटे में गिरफ्तारी
परिजनों ने पीसीआर कॉल के माध्यम से बच्ची के लापता होने की सूचना महरौली थाने को दी थी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर आरोपी को अरेस्ट कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बच्ची की बॉडी बरामद की। इसके बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कराई गई।
फुटपाथ से अगवा कर जंगल में वारदात का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने सीडीआर चौक के पास फुटपाथ पर सो रही बच्ची को देखा था। आरोप है कि उसने बच्ची को नींद की अवस्था में उठाकर अपनी कार की पिछली सीट पर बैठाया और महरौली के जंगल क्षेत्र में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है। मामले से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
दोनों परिवार बिहार के निवासी
पुलिस के अनुसार, पीड़ित परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। आर्थिक तंगी के कारण किराए का मकान छोड़ने के बाद परिवार फुटपाथ पर रहने को मजबूर था। बच्ची के माता-पिता दिहाड़ी मजदूर हैं। वहीं आरोपी चालक भी बिहार का निवासी बताया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ पहले से मारपीट और नशे की हालत में वाहन चलाने जैसे मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। मामले की जांच जारी है। पुलिस सभी पहलुओं पर पड़ताल कर रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









