पंजाब में ट्रिपल मर्डर: चाची, भाई और दोस्त को गोलियों से भूना, फिर युवक ने खुद को मारी गोली

पंजाब के गुरदासपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। जहां एक युवक ने अपनी चाची, चचेरे भाई और अपने ही दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। तीन हत्याओं को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। एक ही रात में चार लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने सभी बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बटाला के गांव मुंडी कलार निवासी मनजोत सिंह अपने साथी एवं पूर्व सैनिक परगट सिंह के साथ चाचा निशान सिंह के घर पहुंचा। बताया जा रहा है कि उस समय मनजोत सिंह के हाथ में परगट सिंह की पिस्टल थी। घर पहुंचते ही उसने अपनी 40 वर्षीय चाची हरदीप कौर और उनके 13 वर्षीय बेटे हरमीत सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, मां-बेटे उस समय घर में सो रहे थे। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग दहशत में आ गए।
दोस्त की भी ली जान
दोहरी हत्या के बाद मनजोत सिंह और उसके साथी परगट सिंह के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपी ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर परगट सिंह को भी गोली मार दी। दोस्त की हत्या करने के बाद उसने उसी हथियार से अपने सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। स्थानीय लोगों के अनुसार, मनजोत सिंह के माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। वह अक्सर अपनी चाची के घर ही भोजन करता था। ऐसे में इस वारदात ने सभी को हैरान कर दिया है।
हत्या के पीछे का कारण अब भी रहस्य
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल हत्या और आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। थाना सेखवां पुलिस ने सभी बॉडी को बटाला सिविल अस्पताल भेज दिया है। अभी तक किसी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस पारिवारिक, व्यक्तिगत और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।











