मंगेतर की हत्या की साजिश का खुलासा: सोशल मीडिया पर प्यार, हकीकत में मौत का प्लान, गर्मी में हुडी पहनने पर खुला राज

पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच के दौरान चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। जिस रिश्ते को सोशल मीडिया पर एक आदर्श प्रेम कहानी के रूप में देखा जा रहा था। उसी रिश्ते के पीछे हत्या की साजिश रची जा रही थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि 20 वर्षीय सिया गोयल ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर अपने मंगेतर केतन अग्रवाल की हत्या की योजना बनाई थी। दोनों को पुलिस ने हत्या और आपराधिक षड्यंत्र के आरोप में अरेस्ट कर लिया है।
केतन अग्रवाल पुणे जिले के गहुंजे क्षेत्र के निवासी थे। परिवार की रियल एस्टेट कंपनी सक्सेस ग्रुप में डायरेक्टर और चीफ मार्केटिंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे। दूसरी ओर सिया एक निजी कॉलेज से कॉमर्स की पढ़ाई कर रही थी। दोनों की फरवरी में सगाई हुई थी। नवंबर में भव्य विवाह की तैयारियां चल रही थीं। सोशल मीडिया पर दोनों की सगाई, सरप्राइज गिफ्ट, डांस और रोमांटिक पलों से जुड़ी कई तस्वीरें और वीडियो साझा किए गए थे। जो अब चर्चा का विषय बने हुए हैं।
लोहगढ़ किले पर रची गई थी पूरी साजिश
पुलिस के अनुसार सिया का प्रेम संबंध चेतन चौधरी से था। इसी वजह से उसने केतन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 18 जून को वह ट्रैकिंग के बहाने केतन को लोहगढ़ किले पर लेकर गई। जहां करीब 400 फीट गहरी खाई में गिरने से उसकी मौत हो गई। शुरुआत में सिया ने इसे दुर्घटना बताया और पुलिस ने भी उसी आधार पर मामला दर्ज किया था। लेकिन बाद की जांच में हत्या की साजिश का खुलासा हो गया।
सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग
मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज पुलिस के लिए सबसे अहम सुराग साबित हुई। टिकट काउंटर के कैमरों में केतन और सिया के पीछे-पीछे एक युवक चलता दिखाई दिया। जिसने भीषण गर्मी के बावजूद हुडी पहन रखी थी और अपना चेहरा छिपा रखा था। 33 डिग्री सेल्सियस तापमान में इस संदिग्ध गतिविधि ने जांचकर्ताओं का ध्यान खींचा। बाद में उसकी पहचान चेतन चौधरी के रूप में हुई। सोशल मीडिया तस्वीरों और सीसीटीवी फुटेज का मिलान करने पर पुलिस का शक यकीन में बदल गया।
कई बार किले पर ले जाने की कर चुकी थी जिद
जांच में यह भी सामने आया कि सिया पहले भी कई बार केतन को लोहगढ़ किले ले जाने की जिद कर चुकी थी। परिवार के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि 31 मई को दोनों वहां गए थे। वहीं, चार जून को प्रस्तावित यात्रा परिवार की आपत्ति के कारण टल गई थी। पुलिस को यह भी संदेह है कि बाली में प्रस्तावित प्री-वेडिंग फोटोशूट से पहले ही हत्या की योजना बनाई गई थी। इसी क्रम में केतन का पासपोर्ट रहस्यमय ढंग से गायब हो गया था। इसकी भी जांच की जा रही है। पूछताछ में मिले तथ्यों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









