तकनीकी खराबी से भटका भारतीय विमान: पाकिस्तान हवाई क्षेत्र में हुआ दाखिल, चेतावनी के बाद लौटा वापस

एयर इंडिया की एक यात्री उड़ान तकनीकी खराबी के कारण निर्धारित मार्ग से भटककर पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में पहुंच गई। पाकिस्तान की एयर ट्रैफिक अथॉरिटी की चेतावनी मिलने के बाद विमान ने तत्काल दिशा बदली और भारतीय हवाई क्षेत्र में वापस लौट आया। हालांकि अमृतसर पहुंचने तक वहां हवाई यातायात का दबाव बढ़ चुका था। जिसके चलते विमान को वापस दिल्ली भेजना पड़ा। बाद में दोबारा उड़ान भरकर विमान सुरक्षित रूप से अमृतसर पहुंचा।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार एयरबस एआई-321 ने सोमवार रात 9:18 बजे दिल्ली से अमृतसर के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान अपने निर्धारित समय से तीन मिनट देरी से रवाना हुई थी। यात्रा के दौरान विमान में तकनीकी समस्या उत्पन्न हुई। इसके कारण वह निर्धारित रूट से भटक गया और अनजाने में पाकिस्तान के एयरस्पेस में प्रवेश कर गया। बताया जा रहा है कि पायलट को स्थिति का अंदाजा तब हुआ, जब पाकिस्तान की एयर ट्रैफिक कंट्रोल एजेंसी की ओर से चेतावनी संदेश प्राप्त हुए।
अमृतसर में नहीं मिली लैंडिंग की अनुमति
चेतावनी मिलने के बाद विमान ने यू-टर्न लेकर भारतीय हवाई क्षेत्र में वापसी की। हालांकि तब तक अमृतसर एयरपोर्ट पर यातायात का दबाव बढ़ चुका था। एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने विमान को तत्काल लैंडिंग की अनुमति नहीं दी। उसे वापस दिल्ली लौटने का निर्देश दिया गया। विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली पहुंचा। जहां आवश्यक तकनीकी और परिचालन प्रक्रियाएं पूरी की गईं।
चार घंटे की देरी से पहुंची उड़ान
करीब दो घंटे बाद विमान को फिर से अमृतसर के लिए रवाना किया गया। अंततः सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात लगभग 2:20 बजे विमान अमृतसर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। इस पूरी प्रक्रिया के कारण उड़ान अपने निर्धारित समय से लगभग चार घंटे देरी से गंतव्य तक पहुंच सकी।
एयरपोर्ट प्रशासन ने दी सफाई
अमृतसर एयरपोर्ट प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि रनवे पर ट्रैफिक और परिचालन कारणों से विमानों को हवा में प्रतीक्षा करवाना सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है। संबंधित विमान के मामले में तकनीकी कारणों और बढ़े हुए एयर ट्रैफिक के चलते स्थिति जटिल हो गई थी। अधिकारियों के मुताबिक पूरी घटना के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया। यात्रियों को असुविधा जरूर हुई। लेकिन कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









