एसबीआई की यूपीआई सेवा कल रहेगी ठप: रात 12:15 बजे से होगी बंद, मेंटेनेंस कार्य के कारण बाधित रहेगी सेवा

03 सितंबर 2026
रात 12:15 बजे से होगी बंद, मेंटेनेंस कार्य के कारण बाधित रहेगी सेवा

एसबीआई के ग्राहकों को चार सितंबर की रात डिजिटल भुगतान में थोड़ी देर के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बैंक के अनुसार, निर्धारित रखरखाव कार्य के चलते यूपीआई सेवा 45 मिनट तक उपलब्ध नहीं रहेगी। इस दौरान सामान्य यूपीआई लेनदेन प्रभावित होंगे। हालांकि, बैंक ने स्पष्ट किया है कि मेंटेनेंस तय समय से पहले पूरा होने पर सेवा को भी पहले बहाल किया जा सकता है।

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के मुताबिक, चार सितंबर 2026 को रात 12:15 बजे से एक बजे तक यूपीआई सेवा बंद रहेगी। यानी इस अवधि में एसबीआई के जरिए सामान्य यूपीआई भुगतान नहीं किया जा सकेगा। बैंक ने ग्राहकों को सलाह दी है कि जरूरी भुगतान पहले निपटा लें या वैकल्पिक व्यवस्था रखें, ताकि सेवा बाधित होने के दौरान परेशानी न हो।

यूपीआई लाइट से छोटे भुगतान की सुविधा

यूपीआई सेवा बंद रहने के दौरान भी ग्राहक यूपीआई लाइट का इस्तेमाल कर सकेंगे। बैंक के अनुसार, इसके जरिए बिना पिन डाले 1,000 रुपये तक का छोटा भुगतान किया जा सकता है। वहीं, यूपीआई लाइट खाते में अधिकतम 5,000 रुपये तक की राशि रखी जा सकती है। ऐसे में छोटी जरूरतों के लिए ग्राहकों के पास डिजिटल भुगतान का विकल्प बना रहेगा।

यूपीआई पर अतिरिक्त शुल्क को लेकर स्थिति साफ

यूपीआई लेनदेन पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट यानी एमडीआर लगाए जाने की चर्चा भी चल रही है। इससे संबंधित अधिसूचना सितंबर के मध्य तक आने की बात कही जा रही है। हालांकि, सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि आम ग्राहकों को यूपीआई भुगतान पर किसी अतिरिक्त शुल्क का भुगतान नहीं करना होगा। एमडीआर का असर केवल बड़े व्यापारियों पर लागू होने की बात कही गई है।

एक दिन में एक लाख तक सामान्य लेनदेन

एसबीआई यूपीआई के जरिए सामान्य तौर पर एक दिन में एक लाख रुपये तक का लेनदेन किया जा सकता है। हालांकि, कुछ श्रेणियों में यह सीमा अधिक है। कैपिटल मार्केट और इंश्योरेंस से जुड़े भुगतान के लिए दो लाख रुपये तक, जबकि आईपीओ, टैक्स और स्कूल-कॉलेज की फीस के भुगतान के लिए पांच लाख रुपये तक के लेनदेन की सुविधा उपलब्ध है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।