गोरखपुर में किराएदार ने बच्चे को बनाया ​शिकार: हड़पे छह लाख के जेवर, रेसर बाइक का दिया था लालच

गोरखपुर|1 घंटा पहले
हड़पे छह लाख के जेवर, रेसर बाइक का दिया था लालच

गोरखपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पड़ोस में रहने वाले एक शातिर किराएदार ने आठ साल के मासूम बच्चे को नई रेसर बाइक खरीद कर घुमाने का लालच दिया। बाइक के झांसे में आकर बच्चे ने घर से अपनी मां के छह लाख के सोने के जेवर लाकर आरोपी को सौंप दिए। जेवर मिलते ही आरोपी अपने पूरे परिवार के साथ घर में ताला लगाकर फरार हो गया। इस मामले में पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।

मूल रूप से एम्स थाना क्षेत्र के माझापार के रहने वाले अभिषेक कुमार मिश्रा वर्तमान में गोरखपुर के गोकुलपुरम नंदानगर इलाके में किराए का मकान लेकर रहते हैं। अभिषेक के पड़ोस में पिछले दो महीने से बिहार के पूर्वी चंपारण, मोतिहारी के केसरिया पुरानी बाजार का रहने वाला प्रताप मिश्रा अपनी मां माला मिश्रा और बड़े भाई प्रकाश मिश्रा के साथ किराए पर रहने आया था।

झांसे में आकर बच्चे ने दे दिए जेवर

10 सितंबर 2026 की शाम करीब 5:30 बजे आरोपी प्रताप, प्रकाश और उनकी मां ने मिलकर एक सोची-समझी योजना बनाई और प्रताप ने अभिषेक के आठ वर्षीय बेटे को बहलाते हुए कहा, तुम अपनी मां के सारे गहने लाकर मुझे दे दो, तो मैं तुम्हें एक नई रेसर बाइक खरीद कर घुमाऊंगा। बच्चा इस झांसे में आ गया और उसने घर में रखे अपनी मां के सारे कीमती जेवर जो लगभग 6 लाख रूपये का था। वह चुपके से लाकर प्रताप को दे दिए। जैसे ही आरोपियों के हाथ में छह लाख के जेवर लगे, प्रताप मिश्रा, उसका भाई प्रकाश और मां माला मिश्रा तुरंत अपने कमरे में ताला लगाकर वहां से भाग निकले।

ठगी का अहसास होने पर दर्ज कराई ​शिकायत

जब पीड़ित अभिषेक मिश्रा ने उन्हें फोन किया तो आरोपियों के मोबाइल फोन बंद आने लगे। मकान मालिक से पूछने पर पता चला कि वे बिना किसी को बताए अचानक कमरा खाली करके चले गए हैं। ठगी का अहसास होने के बाद पीड़ित पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक आलोक कुमार शुक्ला को दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की जा रही है और उनके बिहार स्थित पते पर टीम भेजी जाएगी। बच्चे से भी पूछताछ कर पूरी घटना की जानकारी ली जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।