गांवों में अब 25 दिन में बुकिंग होगी एलपीजी गैस: 45 दिन की पाबंदी हटी, युद्ध के दौरान बढ़ाया गया था अंतराल

07 सितंबर 2026
45 दिन की पाबंदी हटी, युद्ध के दौरान बढ़ाया गया था अंतराल

ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग अब 25 दिन के अंतराल पर की जा सकेगी। केंद्र सरकार ने गांवों में लागू 45 दिन की बुकिंग पाबंदी खत्म कर दी है। इसके साथ ही शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रिफिल बुकिंग के लिए एक समान व्यवस्था लागू हो गई है। केंद्रीय पेट्रोलियम राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने सोमवार को बताया कि सभी तेल विपणन कंपनियों को नए नियम को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

मंत्री के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच जंग के दौरान एलपीजी आपूर्ति पर दबाव बढ़ गया था। इसके चलते सरकार ने नौ मार्च 2026 को शहरी क्षेत्रों में रिफिल बुकिंग का अंतर 25 दिन किया था। इसके बाद 12 मार्च को ग्रामीण इलाकों में यह अवधि बढ़ाकर 45 दिन कर दी गई थी। उस समय आपूर्ति को संतुलित रखने के लिए यह पाबंदियां लागू की गई थीं।

आपूर्ति सुधरी तो हटाई गई पाबंदी

सरकार के अनुसार, अब एलपीजी की आपूर्ति व्यवस्था में सुधार हुआ है और लंबित बुकिंग की संख्या में भी कमी आई है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन की बाध्यता हटाने का फैसला लिया गया है। इससे गांवों में रहने वाले उपभोक्ता भी अब 25 दिन पूरे होने के बाद घरेलू सिलेंडर की रिफिल बुक करा सकेंगे।

व्यावसायिक सिलेंडर के दाम बढ़े

एक सितंबर से तेल कंपनियों ने व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 11.50 रुपये की बढ़ोतरी की है। वहीं, पांच किलो वाला छोटा सिलेंडर भी दो रुपये महंगा होकर 764 रुपये का हो गया है। व्यावसायिक सिलेंडर महंगा होने से होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों की लागत बढ़ सकती है। शादी-ब्याह और अन्य आयोजनों में खानपान की सेवा देने वाले कैटरिंग कारोबारियों की लागत भी बढ़ सकती है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।