अमेरिका-ईरान तनाव से शेयर बाजार धड़ाम: सेंसेक्स 1000 अंक टूटा, ग्लोबल संकट और महंगा कच्चे तेल बना दबाव

सेंसेक्स 1000 अंक टूटा, ग्लोबल संकट और महंगा कच्चे तेल बना दबाव

भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को तेज बिकवाली से कारोबारी माहौल बिगड़ गया। सेंसेक्स करीब 1000 अंक यानी 1.30% टूटकर 72,900 के नीचे आ गया। निफ्टी भी करीब 300 अंक यानी 1.30% गिरकर 22,850 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। बैंकिंग और एफएमसीजी शेयरों में खास दबाव रहा। बाजार में लगातार आठवें हफ्ते गिरावट की चिंता के बीच निवेशकों की संपत्ति करीब छह लाख करोड़ रुपये घट गई। बीते कारोबारी दिन बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब 482 लाख करोड़ रुपये था, जो सोमवार को घटकर करीब 476 लाख करोड़ रुपये रह गया।

बाजार में गिरावट के पीछे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ता तनाव बड़ी वजह माना जा रहा है। अमेरिका और ईरान के बीच जल्द समझौते के संकेत नहीं हैं। वहीं, रूस-यूक्रेन तनाव बढ़ने से भी निवेशकों की चिंता बढ़ी है। इसका असर वैश्विक बाजारों के साथ भारतीय शेयर बाजार पर भी पड़ा है। दूसरी ओर, दुनिया के प्रमुख तेल आपूर्ति मार्ग होर्मुज को लेकर जारी विवाद के कारण ब्रेंट क्रूड 105-106 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बना हुआ है।

बाजार में अस्थिरता जारी रहने की आशंका

कच्चे तेल की कीमतों में और तेजी भारत के लिए चुनौती बढ़ा सकती है। यदि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होता है तो तेल की कीमतों में नरमी आ सकती है। इससे भारत का इंपोर्ट बिल घटने के साथ रुपये और शेयर बाजार को राहत मिल सकती है। तनाव लंबा खिंचने पर महंगे तेल से महंगाई का दबाव बढ़ने और बाजार में अस्थिरता जारी रहने की आशंका है।

अमेरिकी बॉन्ड यील्ड बढ़ने से विदेशी निवेश पर नजर

अमेरिका में बॉन्ड यील्ड बढ़ना भी भारतीय बाजार के लिए दबाव का कारण बना हुआ है। 10 साल की अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड बढ़कर 5.11% हो गई है, जो 2007 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। बॉन्ड यील्ड किसी सरकारी बॉन्ड से मिलने वाला सालाना रिटर्न है। यह बाजार में मांग और आपूर्ति के आधार पर बदलता है। बॉन्ड बिकने पर उसकी कीमत घटती है और यील्ड बढ़ती है।

पिछले सप्ताह भी कमजोर रहा बाजार

यील्ड बढ़ने से डॉलर में निवेश ज्यादा आकर्षक हो जाता है। ऐसे में विदेशी निवेशक भारत जैसे उभरते बाजारों से पैसा निकालकर अमेरिकी बाजार का रुख कर सकते हैं। पिछले सप्ताह भी बाजार में कमजोरी रही थी। 25 सितंबर को समाप्त सप्ताह में निफ्टी 206 अंक यानी 0.9% गिरकर 23,141 पर और सेंसेक्स 400 अंक यानी 0.5% टूटकर 73,896 पर बंद हुआ था। इस बीच सोमवार से एसआरआईटी इंडिया और शाह इन्वेस्टर्स होम के आईपीओ भी खुले हैं। दोनों आईपीओ में 30 सितंबर तक बोली लगाई जा सकेगी। एसआरआईटी इंडिया 218 करोड़ और शाह इन्वेस्टर्स होम 90.17 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।