आगरा में खेत में कई बार पलटी कार: हादसे में युवती की मौके पर हुई मौत, दो की हालत गंभीर

आगरा|
हादसे में युवती की मौके पर हुई मौत, दो की हालत गंभीर

थाना खंदौली क्षेत्र के मई गांव के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी। प्रत्यक्षद​र्शियों के मुताबिक, कार ने खेत में तीन से चार बार पलटी खाई। हादसे में कार सवार युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार चला रहा युवक और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, खंदौली क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय राधा रविवार रात अपने दो दोस्तों, विनायक और प्रखर के साथ कार से बाहर निकली थी। तीनों दोस्त आपस में मिलने के बाद देर रात करीब 2 बजे मई गांव के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान कार की रफ्तार तेज होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे खेत में जाकर पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। राधा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पर किया हंगामा

जैसे ही हादसे की खबर मृतका के परिजनों को मिली, वे भारी संख्या में पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। परिजनों ने हादसे की परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए पोस्टमार्टम हाउस पर जमकर हंगामा काटा और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पुलिस तलाश रही हादसे के पीछे की वजह

खंदौली थाना पुलिस के मुताबिक, घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हादसा सिर्फ तेज रफ्तार की वजह से हुआ या इसके पीछे कोई और वजह थी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।