आगरा में किसान की निर्मम हत्या: घर में घुसकर पत्थर से कुचला सिर, कमरे में पड़ा मिला शव

अछनेरा थाना क्षेत्र के सहाई गांव में धर्मवीर नाम के एक करोड़पति किसान की उनके घर में घुसकर पत्थर और ईंट से सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है। किसान जब सुबह गाय को चारा डालने नहीं पहुंचे तो उनका भतीजा उनके घर पहुंचा तो दरवाजा बंद मिला। जिसके बाद उसने दीवार फांदकर अंदर देखा तो लहूलुहान हालत में धर्मवीर का शव पड़ा था।
आगरा के थाना अछनेरा क्षेत्र में अपने घर में सो रहे एक 42 वर्षीय युवक की अज्ञात हमलावरों ने सिर पर पत्थर से वार कर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल के साथ डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार पहुंच गए। पुलिस अधिकारी ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
अनहोनी की आशंका होने पर भतीजा पहुंचा घर
जानकारी के अनुसार, धर्मवीर पुत्र दिगम्बर सिंह अविवाहित थे। अपने चार भाइयों में सबसे छोटे थे। वह गांव में अपने निवास पर अकेले रहते थे। बीती रात वह रोज की तरह अपने घर में सोने गए थे। धर्मवीर हर रोज सुबह उठकर अपने गाय को चारा डालते थे। जब शुक्रवार सुबह वह समय पर नहीं पहुंचे, तो उनके भतीजे सौरभ ने उनके मोबाइल पर फोन किया। कई बार फोन लगाने के बाद भी जब धर्मवीर ने फोन नहीं उठाया, तो सौरभ को किसी अनहोनी की आशंका हुई। जिसके बाद सौरभ उनके घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। दीवार फांदकर घर के अंदर घुस गया। वहां फर्श पर उनकी लाश पड़ी हुई थी।
सोते समय सिर पर किया हमला
भतीजे सौरभ ने तुरंत इस बात की जानकारी आसपास के ग्रामीणों को दी। मौके पर इकट्ठा हुए ग्रामीणों ने जब दीवार पर चढ़कर घर के अंदर देखा, तो उनके होश उड़ गए। अंदर धर्मवीर का लहुलुहान शव पड़ा हुआ था। बदमाशों ने सोते समय उनके सिर पर भारी पत्थर से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए कुछ ही देर में डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेन्सिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस हत्या के कारणों और अज्ञात हत्यारों की तलाश में जुट गई है। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है।










