बस्ती में इलाज के दौरान युवक की मौत: अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ था घायल, परिवार में छाया मातम

कप्तानगंज ब्लॉक के तिलकपुर निवासी 20 वर्षीय सुरेंद्र कुमार की लखनऊ मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजनों के मुताबिक, सुरेंद्र तीन तारीख की शाम गोटवा गए थे। रात करीब नौ बजे तिलकपुर कटिंग के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में बस्ती जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया था। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
सुरेंद्र चार भाइयों में सबसे छोटे थे और मैकेनिक का काम करता था। हादसे के बाद से उनका इलाज चल रहा था। परिवार को उनकी मौत की सूचना मिली तो घर में कोहराम मच गया। पिता काशीराम और चाचा रामसुरत का रो-रोकर बुरा हाल है। सुरेंद्र की मौत की खबर से गांव में भी शोक का माहौल है।










