बस्ती में युवक को लोहे की रॉड से पीटा: जमीन पर गिरने के बाद भी किया हमला, जिला अस्पताल में इलाज जारी

वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में गणेशपुर के पास एक युवक पर कई लोगों ने हमला कर दिया। घटना के CCTV फुटेज में कुछ युवक अजय यादव को घेरकर मारते दिखाई दे रहे हैं। अजय गौरा के पास रहने वाले हैं। वह एक दुकान के सामने खड़े थे। इसी दौरान कई युवक वहां पहुंचे और अचानक उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड समेत अन्य चीजों से अजय पर हमला किया। अचानक हुए हमले से वह संभल नहीं सके और जमीन पर गिर गए। इसके बाद भी आरोपी उन्हें पीटते रहे। हमले में अजय को गंभीर चोटें आई हैं। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मारपीट की पूरी वारदात दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। सामने आए वीडियो में कई युवक अजय को घेरकर पीटते नजर आ रहे हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में मामला चर्चा में है। हालांकि, हमले की वजह और इसमें शामिल लोगों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
मामले की जांच कर रही पुलिस
प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










