बस्ती में कुआनो नदी में मिली बुजुर्ग की बॉडी: अमहटघाट पर तैरता दिखा शव, अब तक नहीं हो सकी शिनाख्त

बस्ती|20 घंटे पहले
अमहटघाट पर तैरता दिखा शव, अब तक नहीं हो सकी शिनाख्त

कोतवाली क्षेत्र के अमहटघाट के पास रविवार सुबह कुआनो नदी में बुजुर्ग का शव मिलने से हड़कंप मच गया। नदी में शव तैरता देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। करीब 10:40 बजे जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी।

अमहटघाट के पास रविवार सुबह लोग नदी की ओर गए थे। इसी दौरान पानी में एक व्यक्ति का शव तैरता दिखाई दिया। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मृतक के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई उसकी पहचान नहीं कर सका। पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 65 वर्ष है। उसके पास से ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली, जिससे तत्काल उसकी पहचान हो सके। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अब आसपास के इलाकों में मृतक की पहचान कराने के लिए जानकारी जुटा रही है।

लापता लोगों की जानकारी खंगाल रही पुलिस

कोतवाली इंस्पेक्टर बृजानंद सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हुई है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों से संपर्क कर वहां दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जानकारी जुटा रही है। इसका उद्देश्य नदी में मिले शव का किसी लापता व्यक्ति से मिलान कराना है।

रिपोर्ट के बाद मामले की होगी जांच

पुलिस घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र से भी संबंधित जानकारी जुटा रही है। फिलहाल मौत के कारण को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।