बस्ती में सड़क हादसे में युवक की गई जान: सिर के ऊपर से निकला ट्रेलर का पहिया, चालक मौके से हुआ फरार

बस्ती|09 सितंबर 2026
सिर के ऊपर से निकला ट्रेलर का पहिया, चालक मौके से हुआ फरार

लालगंज थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। महदेवा-सोहिला मार्ग पर करीब 1:40 बजे अनियंत्रित ट्रेलर ने युवक को रौंद दिया। टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिर गया और ट्रेलर का पहिया उसके सिर के ऊपर से निकल गया। गंभीर चोट लगने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ट्रेलर लेकर फरार हो गया।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। सूचना पर लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद से फरार चालक और ट्रेलर की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ले रही है।

संकरे मार्ग पर पहले भी हो चुके हादसे

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि महदेवा-सोहिला मार्ग काफी संकरा है। सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण यहां अक्सर हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, बारीघाट प्रधान समेत कई जनप्रतिनिधि पहले भी मार्ग के चौड़ीकरण की मांग उठा चुके हैं। इस संबंध में अधिकारियों को कई बार पत्र और ज्ञापन भी दिए गए, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।

चौड़ीकरण में देरी पर ग्रामीणों में नाराजगी

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क चौड़ीकरण में हो रही देरी की वजह से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों की जान जा रही है। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में जिम्मेदार विभागों के प्रति नाराजगी है। ग्रामीणों ने मार्ग का जल्द चौड़ीकरण कराने, यातायात व्यवस्था बेहतर करने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।