बस्ती में पेड़ से लटका मिला ट्रक चालक का शव: परिवार में हुआ था विवाद, बाइक लेकर निकला था घर से

मुंडेरवा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में रविवार सुबह ट्रक चालक का शव आम के पेड़ से लटका मिला। शनिवार शाम परिवार में विवाद के बाद बाइक से घर से निकले थे। देर रात तक वापस नहीं आने पर परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। रविवार सुबह बिकना तालाब की ओर गए बच्चों ने पेड़ से शव लटका देखा। शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी।
परिजनों के मुताबिक, शनिवार को जितेंद्र का परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद शाम करीब चार बजे वह बाइक से घर से निकल गए। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनके मोबाइल पर संपर्क किया। बातचीत के दौरान जितेंद्र अलग-अलग जगहों की लोकेशन बताते रहे। रात करीब 10 बजे के बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। इसके बाद परिवार के लोग उनकी तलाश में जुट गए, लेकिन रात में उनका पता नहीं चल सका।
बच्चों ने तालाब के पास देखा शव
रविवार सुबह गांव के कुछ बच्चे शौच के लिए बिकना तालाब की तरफ गए थे। इसी दौरान उनकी नजर आम के पेड़ से लटके शव पर पड़ी। बच्चों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान जितेंद्र कुमार कनौजिया के रूप में की। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद रामपुर चौकी प्रभारी प्रमोद नायक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव
पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। जितेंद्र रामपुर गांव निवासी रामकुमार कनौजिया के बेटे थे। वह ट्रक चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे।
पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
जितेंद्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पत्नी सुभावती, 21 वर्षीय बेटी रीमा और 17 वर्षीय बेटा राजन का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट करने में जुटी है।










