बस्ती में तेजाब कांड में नया मोड़: बहन ने बताया युवक से प्रेम संबंध, परिवार पर फंसाने का लगाया आरोप

वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में सात साल की बच्ची पर तेजाब फेंकने के मामले की जांच अब दो अलग-अलग दावों के आधार पर आगे बढ़ रही है। बच्ची की दादी प्रभावती ने रुधौली पुलिस को शिकायत देकर मुगरहा निवासी निखिल कुमार पर घर के बाहर सो रही बच्ची पर तेजाब फेंकने का आरोप लगाया था। हमले में बच्ची का हाथ झुलस गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
बच्ची की बड़ी बहन ने पुलिस को दूसरी तहरीर देकर मामले को नया मोड़ दे दिया। उसने बताया कि उसके निखिल कुमार से प्रेम संबंध हैं और दोनों शादी करना चाहते हैं। उसके मुताबिक परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं था। बड़ी बहन ने आरोप लगाया कि इसी नाराजगी के चलते निखिल को फंसाने की कोशिश की जा रही है और बच्ची को इसके लिए माध्यम बनाया गया।
दोनों दावों की जांच
पुलिस अब दादी की शिकायत और बड़ी बहन की तहरीर में सामने आए आरोपों को आमने-सामने रखकर मामले की जांच कर रही है। सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज है और प्रकरण के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










