बस्ती में हादसे में बाइक सवार की मौके पर मौत: तेज रफ्तार ट्रेलर के नीचे आई मोटरसाइकिल, बस्ती से हर्रैया जा रहा था वाहन

कप्तानगंज थाना क्षेत्र में बस्ती-अयोध्या हाईवे पर ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा खजुहा गांव के पास हुआ। ट्रेलर बस्ती की ओर से हर्रैया जा रहा था। इसी दौरान चालक ने अचानक यू-टर्न लेकर वाहन को बस्ती की दिशा में मोड़ दिया। हर्रैया की ओर जा रहा बाइक सवार ट्रेलर से टकराकर सड़क पर गिर गया। इसके बाद ट्रेलर का पहिया बाइक और हेलमेट के ऊपर से गुजर गया। सिर में गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। देर शाम तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
हादसे की सूचना पर कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और बस्ती के शवगृह भेज दिया। पुलिस के मुताबिक मृतक के पास से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिला। उसकी बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। बाइक पर पंजाब का पंजीकरण नंबर दर्ज है। पुलिस इसी नंबर के जरिए मृतक की पहचान और उसके नाम-पते की जानकारी जुटा रही है।
पहचान के बाद परिजनों को दी जाएगी सूचना
थाना प्रभारी आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद उसके परिवार वालों को सूचना दी जाएगी। पुलिस हादसे की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।










