बस्ती में बस चेकिंग के दौरान पकड़ा गया फर्जीवाड़ा: सात यात्री बिना टिकट मिले, आउटसोर्स परिचालक की सेवा खत्म

जिले के डिपो में परिवहन निगम की चेकिंग के दौरान एक बस में सात यात्रियों के बिना टिकट यात्रा करते मिलने पर आउटसोर्स परिचालक शिवम तिवारी पर कार्रवाई की गई है। जांच के बाद निगम ने उसकी सेवा समाप्त कर दी। साथ ही उसे आउटसोर्स मैनपावर की सूची में ब्लैकलिस्ट कर दिया गया। बहराइच के फखरपुर थाना क्षेत्र के पुरवा हैबतपुर निवासी शिवम तिवारी को आउटसोर्स मैनपावर के तहत सिद्धार्थनगर डिपो में परिचालक बनाया गया था। वहां बस संचालन के दौरान तीन यात्री बिना टिकट पकड़े गए थे। इसके बाद गोरखपुर क्षेत्रीय प्रबंधक ने उसे बस्ती डिपो में काम करने के निर्देश दिए थे।
बस्ती डिपो में तैनाती के दौरान 12 सितंबर को बस संख्या यूपी 55 एटी-0459 की चेकिंग की गई। इसमें सात यात्री बिना टिकट मिले। इसके बाद परिचालक का कैश और बैग जमा कराकर उसे रूट से हटा दिया गया। क्षेत्रीय प्रबंधक के निर्देश पर सहायक यातायात निरीक्षक और क्षेत्रीय प्रवर्तन चेकिंग दल, गोरखपुर क्षेत्र के विनोद कुमार सिंह ने मामले की जांच की।
तीन दिन में मांगा गया था जवाब
जांच रिपोर्ट के आधार पर सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, बस्ती कल्पना श्रीवास्तव ने शिवम को कारण बताओ नोटिस जारी किया। उसे तीन दिन में जवाब देने का निर्देश दिया गया था। 18 सितंबर को दिए जवाब में परिचालक ने यात्रियों के नशे में होने और अलग-अलग स्टॉपेज के यात्रियों की बात कही। अधिकारियों ने उसके स्पष्टीकरण को संतोषजनक नहीं माना। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर उसकी सेवा समाप्त कर दी गई और आउटसोर्स मैनपावर सूची से ब्लैकलिस्ट कर दिया गया।










