महराजगंज में पेट्रोल पंप पर मच्छरदानी लगाकर सो रहे लोग: अफवाहों से बढ़ी भीड़, मऊ-संतकबीर नगर में पुलिस निगरानी में हो रही बिक्री

प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल और डीजल को लेकर एक बार फिर अफरातफरी का माहौल देखने को मिल रहा है। महराजगंज, देवरिया, बस्ती, मऊ, संतकबीर नगर, बहराइच, गोरखपुर और श्रावस्ती समेत पूर्वांचल के कई हिस्सों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गई हैं। हालात ऐसे हैं कि कुछ स्थानों पर लोग रातभर पंपों के बाहर डेरा डालकर बैठे रहे। महराजगंज में तो कई लोगों ने पेट्रोल पंप के बाहर मच्छरदानी लगाकर रात बिताई, ताकि सुबह पंप खुलते ही उन्हें डीजल मिल सके। दूसरी ओर, तेल कंपनियों और प्रशासन ने साफ किया है कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और लोग अफवाहों पर ध्यान न दें।
मंगलवार को महराजगंज के कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म होने की स्थिति बन गई। जिला मुख्यालय पर केवल एक पंप पर पेट्रोल और डीजल उपलब्ध होने से वहां भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बस्ती जिले में हालात को नियंत्रित करने के लिए पेट्रोल-डीजल की बिक्री पर सीमा तय कर दी गई है। बाइक सवारों को अधिकतम 200 रुपए और चारपहिया वाहनों को 1000 रुपए तक का ईंधन दिया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि यह कदम भीड़ को नियंत्रित करने और सभी उपभोक्ताओं तक ईंधन पहुंचाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था के बीच हो रही सप्लाई
मऊ और संतकबीर नगर में हालात को देखते हुए कई पेट्रोल पंपों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस की मौजूदगी में लोगों को ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति न बने। कई जगहों पर वाहन चालकों के बीच धक्का-मुक्की और बहस की घटनाएं भी सामने आई हैं। प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है और जिलाधिकारियों को स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
कीमतों में बढ़ोतरी से बढ़ी चिंता
प्रदेश में हाल ही में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। लखनऊ में पेट्रोल की कीमत 98.40 रुपए प्रति लीटर और डीजल 91.72 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गया है। एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार दाम बढ़ने से आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ा है। माना जा रहा है कि इसी कारण लोगों में भविष्य में और महंगाई बढ़ने की आशंका बनी हुई है, जिससे बड़ी संख्या में लोग पहले से ईंधन स्टॉक करने की कोशिश कर रहे हैं।
तेल कंपनियों ने कहा- पर्याप्त है स्टॉक
यूपी के राज्य स्तरीय समन्वयक (तेल उद्योग) एवं कार्यकारी निदेशक संजय भंडारी ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने कहा कि सभी डिपो और टर्मिनलों से नियमित सप्लाई की जा रही है तथा किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों के आधार पर अनावश्यक खरीदारी न करें और घबराहट में ईंधन जमा करने से बचें। प्रशासन का भी कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और जल्द ही पंपों पर सामान्य व्यवस्था बहाल हो जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
वेबसाइट पर ही पढ़ें








