प्रेमी से निकाह की जिद करने वाली युवती का हुआ निकाह: बेंगलुरु से लौटे युवक ने कबूला रिश्ता, दो बार टॉवर पर चढ़कर किया था हंगामा

नगर बाजार क्षेत्र में पिछले कई दिनों से चर्चा में रही प्रेम कहानी मंगलवार को अपने अंजाम तक पहुंच गई। प्रेमी से निकाह की जिद में दो बार मोबाइल टॉवर पर चढ़कर हंगामा करने वाली युवती का आखिरकार उसके प्रेमी के साथ निकाह पढ़ा दिया गया। बेंगलुरु में काम कर रहा युवक आनन-फानन में घर लौटा और दोनों परिवारों की मौजूदगी में मस्जिद में पूरे धार्मिक रीति-रिवाज के साथ निकाह संपन्न कराया गया। इस निकाह के बाद इलाके में चर्चा का विषय बनी प्रेम कहानी का सुखद अंत हो गया।
जानकारी के अनुसार नगर क्षेत्र के रुधौली की रहने वाली नाजिया की बहन का निकाह संतकबीरनगर जिले के बेलहर सेंगर गांव में हुआ है। करीब तीन वर्ष पहले बहन की ससुराल आने-जाने के दौरान नाजिया की मुलाकात गांव निवासी मेहताब से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती गहरी होती गई और यह रिश्ता प्रेम में बदल गया। इसी दौरान मेहताब रोजगार के सिलसिले में बेंगलुरु आने-जाने लगा। बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद जब नाजिया ने निकाह की बात की तो मेहताब किसी वजह से पीछे हटने लगा। वहीं नाजिया उसी से शादी करने की जिद पर अड़ गई।
टॉवर पर चढ़कर दी थी जान देने की धमकी
प्रेमी की बेरुखी से परेशान होकर नाजिया ने बीते 12 मई को वाल्टरगंज क्षेत्र में मोबाइल टॉवर पर चढ़कर हंगामा शुरू कर दिया था। वह लगातार मेहताब से निकाह कराने की मांग करती रही और टॉवर से कूदकर जान देने की धमकी देने लगी। करीब पांच घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने किसी तरह उसे समझा-बुझाकर नीचे उतारा था। हालांकि मामला शांत नहीं हुआ और कुछ दिन बाद युवती फिर से रुधौली क्षेत्र में स्थित एक अन्य मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई।
वीडियो कॉल से कराई बात
दूसरी बार टॉवर पर चढ़ने के बाद युवती ने साफ कहा कि जब तक शादी की बात तय नहीं होगी, वह नीचे नहीं उतरेगी। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। इसके बाद रुधौली थानाध्यक्ष संजय दुबे स्वयं संतकबीरनगर स्थित मेहताब के गांव पहुंचे और उसके पिता से वीडियो कॉल के जरिए नाजिया की बात कराई। इसी दौरान मेहताब के परिवार की ओर से निकाह कराने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद युवती टॉवर से नीचे उतरी।
मस्जिद में पढ़ाया गया निकाह
मंगलवार को मेहताब बेंगलुरु से वापस घर लौटा। इसके बाद रुधौली थाने के पास स्थित मस्जिद में दोनों परिवारों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में निकाह की रस्म पूरी कराई गई। निकाह के दौरान क्षेत्र में उत्सुकता का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग इस चर्चित प्रेम कहानी के अंजाम को देखने पहुंचे। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवती की जिद और पुलिस की सक्रियता के कारण यह मामला सकारात्मक तरीके से सुलझ गया। वहीं पुलिस अधिकारियों ने लोगों से भावनात्मक मामलों में कानून व्यवस्था प्रभावित न करने और संयम बनाए रखने की अपील की है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
वेबसाइट पर ही पढ़ें








