महराजगंज में विवाहिता की मौत: फंदे से लटकी मिली बॉडी, परिजनों ने दहेज उत्पीड़न का लगाया आरोप

श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बासपार कोठी गांव में एक विवाहिता की बॉडी घर के अंदर पंखे से लटकी मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मृतका की पहचान 25 वर्षीय वंदना के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने दहेज उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, बासपार कोठी की हरिजन बस्ती निवासी वंदना की शादी लगभग चार वर्ष पूर्व अक्षयलाल के साथ हुई थी। दंपती की एक तीन वर्षीय बेटी भी है। वंदना की बॉडी घर के अंदर पंखे से लटकी हुई पाई गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल जांच प्रक्रिया शुरू की और मामले की जानकारी मृतका के मायके पक्ष को दी गई। मृतका के पिता चंद्रिका, जो गोरखपुर जनपद के पिपराइच थाना क्षेत्र स्थित जंगल पकड़ी गांव के निवासी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विवाह के बाद से उनकी बेटी को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य तत्काल बासपार कोठी पहुंचे। जहां बेटी की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया।
ससुराल पक्ष पर उठे सवाल
मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज की मांग और उत्पीड़न के चलते ही वंदना की मौत हुई है। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के कुछ सदस्य घर छोड़कर चले गए। इससे उनके संदेह और गहरे हो गए हैं। मृतका के परिजनों ने डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस को मामले से अवगत कराया। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
श्यामदेउरवा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









