सीएम योगी का तीन दिवसीय गोरखपुर दौरा: अक्षयपात्रा मेगा किचन का करेंगे लोकार्पण, रोज एक लाख बच्चों को मिलेगा भोजन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 जून से शुरू होने वाले अपने तीन दिवसीय गोरखपुर दौरे के दौरान बरगदवा स्थित अक्षयपात्रा के अत्याधुनिक बेस किचन का लोकार्पण करेंगे। यह मेगा किचन प्रतिदिन एक लाख बच्चों के लिए मिड-डे मील तैयार करेगा। मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान परियोजना का निरीक्षण भी करेंगे और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। इसके अलावा दौरे के दौरान वह विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग का भी उद्घाटन करेंगे।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री 25 जून की शाम गोरखपुर पहुंचेंगे। गुरु गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद वह बरगदवा स्थित नकहा जंगल स्टेशन के समीप निर्माणाधीन अक्षयपात्रा बेस किचन पहुंचेंगे। यहां शाम करीब 5:30 बजे लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस परियोजना के शुरू होने के बाद प्रतिदिन एक लाख बच्चों के लिए मिड-डे मील तैयार किया जाएगा।
200 कर्मचारी व्यवस्था को करेंगे संचालित
अक्षयपात्रा के जोनल हेड विक्रांत मोहन के अनुसार, तीन एकड़ क्षेत्र में विकसित इस बेस किचन में अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग किया गया है। यहां तीन से चार घंटे के भीतर एक लाख बच्चों का भोजन तैयार किया जा सकेगा। स्वचालित मशीनों की मदद से प्रति घंटे 50 हजार रोटियां बनाई जाएंगी। वहीं, स्टीम तकनीक के जरिए मात्र 15 मिनट में 1200 लीटर चावल पकाया जा सकेगा। भोजन वितरण के लिए लगभग 100 विशेष वाहन तैनात किए जाएंगे। करीब 200 कर्मचारी इस व्यवस्था को संचालित करेंगे।
भाजपा प्रशिक्षण वर्ग का भी करेंगे उद्घाटन
मुख्यमंत्री 26 जून को एक निजी अस्पताल के उद्घाटन कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। वहीं 27 जून को सुबह 10:30 बजे भाजपा महानगर कमेटी के दो दिवसीय अभ्यास वर्ग के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सांसद रवि किशन, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह सहित वर्तमान और पूर्व पदाधिकारी और कुल 173 सदस्य भाग लेंगे। दो दिनों में कुल 16 सत्र आयोजित किए जाएंगे।
प्रशिक्षण के बाद अयोध्या जाएंगे पदाधिकारी
पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत आयोजित इस अभ्यास वर्ग के समापन के बाद 28 जून को भाजपा के जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी अयोध्या दर्शन के लिए रवाना होंगे। पार्टी की ओर से उनके लिए वातानुकूलित बसों की व्यवस्था की गई है। भाजपा संगठन इस कार्यक्रम को वैचारिक और संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण मान रहा है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









