रोनाल्डो का डबल धमाका: उज्बेकिस्तान पर पुर्तगाल की 5-0 से शानदार जीत, नॉकआउट में पहुंची कोलंबिया

फुटबॉल विश्व कप में क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने एक बार फिर अपनी क्लास साबित करते हुए दो गोल दागे और कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। उनकी शानदार प्रदर्शन की बदौलत पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। इस जीत के साथ पुर्तगाल ने नॉकआउट की ओर मजबूत कदम बढ़ाया। वहीं, उज्बेकिस्तान की टीम अंतिम-16 की दौड़ से बाहर हो गई।
मैच की शुरुआत से ही पुर्तगाल ने आक्रामक तेवर दिखाए। चौथे मिनट में नूनो मेंडेस के क्रॉस पर रोनाल्डो गोल करने से चूक गए। लेकिन दो मिनट बाद उन्होंने गलती नहीं दोहराई। जोआओ कैंसिलो के सटीक लो-क्रॉस पर रोनाल्डो ने शानदार राइट-फुटेड शॉट लगाकर गेंद को जाल में पहुंचा दिया। इस गोल के साथ वह छह अलग-अलग विश्व कप में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। इसके बाद 14वें मिनट में पुर्तगाल को फ्री-किक मिली। सभी की नजरें रोनाल्डो पर थीं। लेकिन उन्होंने गेंद नूनो मेंडेस के लिए छोड़ दी। मेंडेस ने 17वें मिनट में शानदार लो-शॉट लगाकर टीम की बढ़त 2-0 कर दी।
रिकॉर्ड के साथ रोनाल्डो का दूसरा गोल
39वें मिनट में रोनाल्डो ने मैच का अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल दागा। इस गोल के साथ उन्होंने विश्व कप में पुर्तगाल के लिए सर्वाधिक 10 गोल करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने महान फुटबॉलर यूसेबियो के नौ गोल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। दूसरे हाफ में 59वें मिनट में उज्बेकिस्तान के गोलकीपर अब्दुवोहिद नेमातोव से गेंद टकराकर गोल में चली गई। इसे ओन गोल माना गया। मैच के अंतिम चरण में राफेल लेओ ने 87वें मिनट में गोल कर स्कोर 5-0 कर दिया।
कोलंबिया ने भी बनाई अंतिम-16 में जगह
इस जीत के साथ पुर्तगाल के चार अंक हो गए हैं। टीम ग्रुप-के में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। इससे पहले उसका पहला मुकाबला डीआर कांगो के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ रहा था। दूसरी ओर उज्बेकिस्तान लगातार संघर्ष के बावजूद नॉकआउट की दौड़ से बाहर हो गया। ग्रुप-के के दूसरे मुकाबले में कोलंबिया ने डीआर कांगो को 1-0 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। छह अंकों के साथ कोलंबिया ने नॉकआउट चरण में अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं, डीआर कांगो एक अंक के साथ तीसरे स्थान पर बना हुआ है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









