मेरठ में टायर फटते ही फ्लाईओवर से गिरी कार: 3 युवकों की मौत, मुजफ्फरनगर से लौट रहे थे दिल्ली

उत्तरप्रदेश|2 घंटे पहले
3 युवकों की मौत, मुजफ्फरनगर से लौट रहे थे दिल्ली

मेरठ में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार फ्लाईओवर की बैरिकेडिंग तोड़कर करीब 60 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। वहीं, एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को क्रेन की मदद से बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी है।

हादसा सुबह करीब सात बजे दादरी क्षेत्र के सकौती फ्लाईओवर के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, दिल्ली नंबर की कार मुजफ्फरनगर से दिल्ली लौट रही थी। इसी दौरान कार का टायर फट गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। कार फ्लाईओवर की बैरिकेडिंग तोड़ते हुए लगभग 60 फीट नीचे जा गिरी। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के होटल संचालक और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू कराया।

एक की हालत गंभीर

कार में दिल्ली के करावल नगर क्षेत्र के चार युवक सवार थे। इनमें प्रेमनगर निवासी नितेश शर्मा (25), गोकुलपुरी निवासी आसू (24), शैलेंद्र भारद्वाज (28) और मिथुन (27) शामिल थे। हादसे में नितेश शर्मा और आसू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल शैलेंद्र भारद्वाज ने मोदीपुरम स्थित फ्यूचर अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मिथुन का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

दस्तावेजों के आधार पर जुटाई जानकारी

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को बाहर निकलवाया। सकौती चौकी प्रभारी प्रताप सिंह तोमर ने बताया कि कार से मिले दस्तावेजों के आधार पर संबंधित लोगों की जानकारी जुटाई गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों की पुष्टि के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।