गोंडा में ज्वैलर्स की दुकान में भीषण आग: लाखों के आभूषण जलकर राख, घंटों तक चला राहत अभियान

शहर के पटेल नगर ईदगाह रोड पर मंगलवार सुबह एक ज्वैलर्स की दुकान में लगी आग ने देखते ही देखते दो मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लंबे समय तक राहत एवं बचाव अभियान चलता रहा। हादसे में लाखों रुपये के आभूषण और घरेलू सामान के जलने की आशंका है।
नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित आकाश ज्वैलर्स की दुकान से मंगलवार सुबह करीब छह बजे धुआं उठता देख राहगीरों ने दुकान मालिक को सूचना दी। शटर खोलने पर अंदर भीषण आग लगी मिली। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान से होते हुए पूरी दो मंजिला इमारत तक फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
ऊपरी मंजिल तक पहुंची आग
दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद ज्वैलर्स की दुकान में लगी आग पर काबू पा लिया, लेकिन मकान की दूसरी मंजिल पर आग लगातार धधकती रही। आग तक पहुंचने के लिए कर्मचारियों को दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा। मौके पर तीन से चार दमकल वाहन लगातार आग बुझाने में जुटे रहे और अतिरिक्त गाड़ियों को भी बुलाया गया। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में दुकान में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण तथा मकान का घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि नुकसान का सही आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही किया जा सकेगा।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
स्थानीय सभासद अफजल खान ने बताया कि आग सुबह करीब छह बजे लगी थी। सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के मकानों को भी खाली करा लिया गया था। उनका कहना है कि नीचे दुकान की आग पर नियंत्रण पा लिया गया है, जबकि ऊपरी मंजिल पर आग बुझाने का प्रयास लगातार जारी रहा। प्रथम दृष्टया जांच में आशंका जताई जा रही है कि नीचे स्थित एक दुकान में चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक स्कूटी में शॉर्ट सर्किट होने से आग की शुरुआत हुई। इसके बाद आग पास की किताब की दुकान और फिर ज्वैलर्स की दुकान तक फैल गई। धीरे-धीरे लपटों ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









