कानपुर में कुशीनगर की छात्रा की मौत: फंदे से लटका मिला शव, रामा मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग की कर रही थी पढ़ाई

कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र में किराये के कमरे में रह रही बीएससी नर्सिंग की छात्रा का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को शक हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
कुशीनगर के टमकुही थाना क्षेत्र की रहने वाली आशिया खातून मंधना स्थित रामा मेडिकल कॉलेज में बीएससी नर्सिंग द्वितीय वर्ष की छात्रा थीं। वह बगदौधी बांगर स्थित एक मकान की दूसरी मंजिल पर किराये के कमरे में रहती थीं। पड़ोस में रहने वाली महिला ने काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद रोशनदान से झांककर देखा गया तो छात्रा का शव चुनरी के सहारे पंखे के हुक से लटका मिला। सूचना मिलते ही बिठूर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।
जन्मदिन से पहले हुई घटना
मृतका की मौसेरी बहन शमां परवीन ने बताया कि आशिया के पिता बस चालक हैं। परिवार में दो भाई और दो बहनें हैं। 12 जुलाई को आशिया का जन्मदिन था और घर में उसकी तैयारियां चल रही थीं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और परिजन तत्काल कानपुर के लिए रवाना हो गए।
मामले की जांच कर रही पुलिस
पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जांच में मोबाइल पासवर्ड से सुरक्षित होने के कारण उसे तत्काल नहीं खोला जा सका। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों से पूछताछ और मोबाइल की जांच सहित अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि कमरा अंदर से बंद था। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। फिलहाल ऐसा कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं मिला है, जिससे मौत के कारण का तत्काल पता चल सके। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









