मुजफ्फरनगर के दो युवको का आंतकी कनेक्शन: पाकिस्तान के भट्टी गैंग से जुड़े थे, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने किया गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर। पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी गैंग से जुड़े दो युवको को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया है। आतंकी कनेक्शन सामने आने पर पुलिस और खुफिया तंत्र सक्रिय हो गया है। खतौली के दोनों युवकों को गैंग्सटर शहजाद भट्टी के सहयोगी राना हुसैन ने अलग-अलग काम की जिम्मेदारी दी थी। दानिश को दिल्ली में महत्वपूर्ण स्थान पर विस्फोट करना था, वहीं सलमान को उसका वीडियो बनाकर भेजना था। दोनों को 20-20 हजार रुपये दिए जाने थे। इससे पहले भी जनपद में आतंकी कनेक्शन सामने आ चुके हैं।
पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी रूपयों का लालच देकर गिरोह में जोड़ रहा
पंजाब में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) मुख्यालय, रांची में विस्फोट के बाद पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी गैंग युवाओं को रुपये का लालच देकर अपने गिरोह में जोड़ रहा है। युवाओं को इंस्टाग्राम समेत इंटरनेट मीडिया से संपर्क साधा जा रहा है। सोमवार को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने खतौली के दानिश और उसके दोस्त सलमान को छह संदिग्ध आतंकियों के साथ पकड़ा है।
20 हजार रूपये वाला मॉड्यूल है रेकी करना और निशाना बनाना
यह भट्टी गैंग के मॉड्यूल हैं, जिन्हें अलग-अलग काम की जिम्मेदारी दी गई थी। बताया कि अप्रैल माह से दानिश उर्फ चांद मियां शहजाद भट्टी गैंग के संपर्क में आया था। उसे दिल्ली में किसी महत्वपूर्ण जगह या पुलिस प्रतिष्ठान की रेकी करने तथा निशाना बनाने का काम सौंपा गया था। काम पूरा होने पर उसे 20 हजार रुपये का वादा किया गया था। दानिश ने दोस्त सलमान पुत्र अहसान को भी अपने साथ जोड़ दिया था। वह दानिश के साथ दिल्ली गया था। उसे दानिश उर्फ चांद मियां द्वारा जहां हमला करना था, उसका वीडियो बनाना था। उसे भी 20 हजार रुपये का लालच दिया था। यह माड्यूल पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए तस्करी करके लाए गए हथियार प्राप्त कर रहा था।
एक लाख रूपये के लिए जालंधर ब्लास्ट
अप्रैल माह में पंजाब के सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का फ्रंटियर मुख्यालय के बाहर बम विस्फोट मामले में बुढ़ाना थाना के गांव इटावा निवासी अनिल शर्मा को गिरफ्तार किया गया था। अनिल शर्मा ने बम विस्फोट की वीडियोग्राफी की थी, जबकि मनीर ने एक लाख रुपये के लिए ब्लास्ट को अंजाम दिया। वह इंस्टाग्राम के जरिए डान शहजाद भट्टी के संपर्क में आया था। यह ब्लास्ट पाकिस्तानी गैंग्सटर ने कराया था।
पूछताछ के लिए कार्यालय बुला किया गया गिरफ्तार
बीते 26 मई को एटीएस देवबंद ने रामराज के गांव शाहपुर निवासी गगनदीप पुत्र हरजीत सिंह को पकड़ा था। पाकिस्तानी गैंग्सटर शहजाद भट्टी गैंग से जुड़ाव को लेकर उसे पूछताछ के लिए एटीएस कार्यालय बुलाया गया था, जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। इंस्टाग्राम के माध्यम से गैंगस्टर शहजाद भट्टी गैंग के संपर्क में आया था गगनदीप।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









