अलीगढ़ में ट्रेनी विमान की इमरजेंसी लैंडिंग: तकनीकी खराबी के बाद खेत में सुरक्षित उतारा गया एयरक्राफ्ट, इंस्ट्रक्टर और पायलट सेफ

उत्तरप्रदेश|1 घंटा पहले
तकनीकी खराबी के बाद खेत में सुरक्षित उतारा गया एयरक्राफ्ट, इंस्ट्रक्टर और पायलट सेफ

अलीगढ़ जिले में रविवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा टल गया। धनीपुर हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाले एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट में तकनीकी खराबी आ गई। पायलट की सूझबूझ और त्वरित निर्णय के चलते विमान को आबादी से दूर खेत में सुरक्षित उतार लिया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार इंस्ट्रक्टर और ट्रेनी पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार पायनियर फ्लाइंग क्लब का प्रशिक्षण विमान VT-PFB रविवार सुबह करीब नौ बजे धनीपुर हवाई अड्डे से नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर रवाना हुआ था। विमान को पंजाब के जालंधर निवासी इंस्ट्रक्टर पायलट असद उड़ा रहे थे, जबकि उनके साथ ग्रेटर नोएडा निवासी ट्रेनी पायलट कुणाल कसाना प्रशिक्षण ले रहे थे। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान में तकनीकी गड़बड़ी महसूस हुई, जिसके बाद पायलट ने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी और एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया।

खेत में सुरक्षित उतारा गया विमान

तकनीकी समस्या बढ़ने पर पायलट ने हरदुआगंज क्षेत्र के चंगेरी गांव के पास खेतों को लैंडिंग के लिए चुना। करीब साढ़े नौ बजे विमान को गांव निवासी हेमेंद्र सिंह के खेत में सुरक्षित उतार लिया गया। अचानक आसमान से विमान को नीचे उतरता देख ग्रामीण घबरा गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। हालांकि कुछ ही देर में स्पष्ट हो गया कि यह आपातकालीन लैंडिंग थी और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और धनीपुर एयरपोर्ट की तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी गई। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

डीजीसीए करेगी तकनीकी जांच

सिटी मजिस्ट्रेट अतुल गुप्ता ने बताया कि विमान में तकनीकी खराबी आने के बाद सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आपात लैंडिंग कराई गई। उन्होंने कहा कि विमान में मौजूद दोनों पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं और एयरक्राफ्ट को भी कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है। एहतियात के तौर पर दोनों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय की टीम अलीगढ़ पहुंच रही है। तकनीकी विशेषज्ञ यह पता लगाएंगे कि उड़ान के दौरान विमान में किस प्रकार की खराबी आई थी। जांच पूरी होने के बाद विमान को वापस एयरपोर्ट ले जाया जाएगा।

पायलट ट्रेनिंग का प्रमुख केंद्र है धनीपुर एयरपोर्ट

धनीपुर हवाई अड्डे स्थित पायनियर फ्लाइंग क्लब प्रदेश के प्रमुख पायलट प्रशिक्षण संस्थानों में शामिल है। यहां ट्रेनी पायलटों को उड़ान संचालन और तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण के दौरान ट्रेनी पायलट के साथ एक अनुभवी इंस्ट्रक्टर मौजूद रहता है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।