अंबेडकरनगर में चार बच्चों की हत्या: चार मंजिला मकान में खून से लथपथ मिली बॉडी, फरार मां की तलाश में पुलिस

उत्तरप्रदेश|02 मई 2026
चार मंजिला मकान में खून से लथपथ मिली बॉडी, फरार मां की तलाश में पुलिस

अंबेडकरनगर जिले में शनिवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। अकबरपुर के मीरानपुर मोहल्ले में चार मासूम बच्चों की हत्या कर दी गई। चार मंजिला मकान के एक कमरे से बच्चों के खून से लथपथ बॉडी बरामद हुई है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत जांच में जुट गए। शुरुआती जांच में बच्चों की मां पर ही हत्या का शक गहराया है। वह घटना के बाद से फरार बताई जा रही है।

घटना शनिवार दोपहर करीब तीन बजे के बाद की बताई जा रही है। पुलिस को सूचना मिली कि एक मकान में बच्चों की बॉडी पड़ी हैं। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि एक कमरे में चारों बच्चे मृत हालत में पड़े थे। उनकी पहचान सफीक (14), सऊद (10), उमर (आठ) और सादिया बानो (छह) के रूप में हुई। सभी की बॉडी खून से सनी हुई थी। बच्चों के चेहरे बुरी तरह कुचले गए थे। यह दृश्य बेहद भयावह था।

मौके से फरार मां

पुलिस के अनुसार घटना के समय बच्चों की मां गाजिया खातून घर पर मौजूद थी। लेकिन वारदात के बाद वह फरार हो गई। इससे पुलिस का शक और गहरा गया है। प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि हत्या में मां की भूमिका हो सकती है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। कई टीमें गठित की गई हैं। आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

पारिवारिक विवाद की आशंका

पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव की बात सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार बच्चों के पिता मोहम्मद नियाज पिछले एक वर्ष से सऊदी अरब में रह रहे हैं। यह भी चर्चा है कि उन्होंने दूसरी शादी कर ली है। इस बात को लेकर महिला तनाव में थी। संपत्ति विवाद की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।

इलाके में दहशत का माहौल

चार बच्चों की एक साथ हत्या से पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोग स्तब्ध हैं। हर कोई इस घटना से सदमे में है। लोगों का कहना है कि उन्होंने ऐसा भयावह दृश्य पहले कभी नहीं देखा। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

फॉरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। हत्या कैसे की गई, इसमें किन चीजों का इस्तेमाल हुआ, इन सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

जल्द खुलासा करने का दावा

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। फरार मां की गिरफ्तारी के बाद कई सवालों के जवाब मिल सकते हैं। फिलहाल यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।