अंबेडकरनगर हत्याकांड का खुलासा: मां नहीं, पड़ोसी निकला कातिल… एनकाउंटर में आमिर ढेर, शादी के इनकार पर रची साजिश

उत्तरप्रदेश|04 मई 2026
मां नहीं, पड़ोसी निकला कातिल… एनकाउंटर में आमिर ढेर, शादी के इनकार पर रची साजिश

अंबेडकरनगर में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जिस मामले में पहले मां पर अपने ही बच्चों की हत्या का शक जताया गया था, उसमें अब पूरी कहानी पलट गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला गौसिया खातून और उसके चार बच्चों की हत्या उसके पड़ोसी आमिर ने की थी। सोमवार को पुलिस ने आरोपी 19 वर्षीय आमिर को एनकाउंटर में मार गिराया। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है और कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं।

पुलिस के मुताबिक, महिला का पति सऊदी अरब में रहता है और लंबे समय से घर नहीं आया था। इसी का फायदा उठाकर आरोपी आमिर महिला पर शादी का दबाव बना रहा था। आमिर की नजर महिला की जमीन पर भी थी। वह शादी करके संपत्ति पर कब्जा करना चाहता था। लेकिन महिला ने साफ इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर उसने खौफनाक साजिश रच डाली। दो मई को उसने पहले महिला और बच्चों के साथ मारपीट की। महिला बेहोश हो गई। इसके बाद उसने चारों बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी। जब महिला को होश आया और उसने शोर मचाया, तो आरोपी ने उसकी भी हत्या कर दी।

बॉडी घसीटकर नाले में फेंकी

हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की। उसने महिला की बॉडी को करीब 200 मीटर तक घसीटा और नाले में फेंक दिया। उसका मकसद था कि पुलिस को लगे कि महिला ने ही बच्चों की हत्या की और फरार हो गई। शुरुआती जांच में पुलिस भी इसी थ्योरी में उलझ गई। लेकिन रविवार को जब महिला की बॉडी मिली और उस पर चोट के निशान दिखे, तो पूरा मामला बदल गया। इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की और असली आरोपी तक पहुंच गई।

एनकाउंटर में खत्म हुआ आरोपी

पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी आमिर नेवतरिया बाईपास के पास छिपा हुआ है। टीम ने तुरंत घेराबंदी की। जैसे ही पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, वह भागने लगा। बाइक फिसलने के बाद उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आमिर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में एक दरोगा और एक सिपाही भी घायल हुए हैं। मौके से पिस्टल, बाइक और कारतूस बरामद किए गए हैं।

कैसे सामने आया पूरा सच?

घटना मीरानपुर मोहल्ला की है, जहां दो मई को चार बच्चों की बॉडी घर में मिली थी। मां गायब थी। शुरुआत में पुलिस ने माना कि मां ही हत्यारी है। लेकिन 24 घंटे के भीतर जब उसकी बॉडी नाले में मिली, तो मामला पलट गया। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। पड़ोसियों से पूछताछ हुई। तभी आमिर का नाम सामने आया। वह घटना के बाद से गायब था। पुलिस ने तकनीकी और स्थानीय इनपुट के आधार पर उसे ट्रेस किया और आखिरकार मुठभेड़ में ढेर कर दिया।

एक परिवार खत्म

इस वारदात में गौसिया खातून और उसके चार बच्चों- शफीक, सउद, उमर और सादिया की जान चली गई। एक पूरा परिवार खत्म हो गया। घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है। लोग हैरान हैं कि एक पड़ोसी इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकता है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।