बलरामपुर में क्लास में अचानक गिरी छात्रा, मौत: स्कूल का दावा- बाहर बज रहे डीजे से बिगड़ी हालत, सीसीटीवी में कैद हुई फुटेज

जिले के डिवाइन पब्लिक स्कूल में कक्षा-2 की सात वर्षीय छात्रा वैष्णवी तिवारी की अचानक मौत हो गई। वह क्लास में अपनी सीट पर बैठकर सामान्य तरीके से दूसरे बच्चों से बातचीत कर रही थी। इसी दौरान वह अचानक उठी और लड़खड़ाकर गिर गई। कुछ देर बाद वह संभली और दोबारा सीट पर बैठ गई, लेकिन कुछ ही सेकेंड बाद फिर जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद वह नहीं उठी। शिक्षकों ने उसे संभालने की कोशिश की और करीब दो मिनट बाद जिला मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
स्कूल मैनेजमेंट का कहना है कि घटना के वक्त स्कूल के पास से गणेश विसर्जन का जुलूस गुजर रहा था। जुलूस में फुल वॉल्यूम पर DJ बज रहा था। प्रबंधन के मुताबिक तेज आवाज के कारण बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। हालांकि, डॉक्टरों ने पोस्टमॉर्टम के बिना मौत का सटीक कारण बताने में असमर्थता जताई है। पुलिस ने भी सोशल मीडिया के जरिए DJ की आवाज से मौत की जानकारी मिलने की बात कही है।
CCTV में कुछ सेकेंड के भीतर बदली स्थिति
गुलहरिया गांव निवासी सोनू तिवारी बलरामपुर में किराए पर रहते हैं। उनकी इकलौती बेटी वैष्णवी सोमवार को स्कूल गई थी। सुबह करीब 10:58 बजे वह क्लास में बिल्कुल सामान्य दिखाई दे रही थी। सीसीटीवी फुटेज में स्कूल के बगल से DJ जुलूस गुजरता दिख रहा है। कुछ लोग डांस करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। DJ की आवाज सुनकर क्लास में मौजूद कुछ बच्चे भी कुछ देर डांस करते हैं। इसी दौरान वैष्णवी अपनी सीट से उठती है। वह लड़खड़ाती है, फिर संभलकर बैठ जाती है। कुछ ही सेकेंड बाद वह दोबारा गिर जाती है और इस बार नहीं उठती।
टीचर ने सीट पर बैठाने की कोशिश की
छात्रा को गिरा देखकर क्लास टीचर तुरंत उसके पास पहुंचीं। उन्होंने वैष्णवी को उठाकर सीट पर बैठाने की कोशिश की, लेकिन वह प्रतिक्रिया नहीं दे रही थी। इसके बाद स्कूल स्टाफ को बुलाया गया। शिक्षकों ने उसे होश में लाने का प्रयास किया। करीब दो मिनट तक कोई सुधार नहीं होने पर उसे जिला मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया। स्कूल स्टाफ के साथ परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंचे। डॉक्टर ने बताया कि बच्ची को इमरजेंसी में मृत अवस्था में लाया गया था। बिना पोस्टमॉर्टम मौत की सटीक वजह बताना संभव नहीं है।
बिना पोस्टमॉर्टम शव लेकर सिद्धार्थनगर गया परिवार
डॉक्टर के मुताबिक परिजन बिना पोस्टमॉर्टम कराए शव लेकर सिद्धार्थनगर चले गए। सीओ सिटी अभिषेक सिंह ने बताया कि थाने पर घटना की कोई सूचना नहीं दी गई थी। छात्रा का अंतिम संस्कार भी हो चुका है। सोशल मीडिया के जरिए DJ की आवाज से मौत की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है।











