भदोही में दहेज की मांग को लेकर नवविवाहिता से मारपीट: एक साल के अंदर दो बार कराया गर्भपात, पति समेत आठ के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा

भदोही में दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर नवविवाहिता से मारपीट करने और एक साल के अंदर दो बार उसका गर्भपात कराने का मामला सामने आया हैं। जिसके आरोप में पति समेत ससुराल के आठ सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शैलेश कुमार राय ने बताया कि औराई थाना क्षेत्र के घोसिया निवासी बरखा गुप्ता (20) की शिकायत पर उसके पति शनि गुप्ता समेत आठ लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
मारपीट करने से गर्भ में बच्चे की मौत
जानकारी के अनुसार बरखा की शादी 2024 में मर्यादपट्टी निवासी शनि गुप्ता (27) से हुई थी। शिकायत में आरोप है कि शादी के बाद ससुराल वालों ने कम दहेज का ताना देते हुए पांच लाख रुपये और सोने की चेन की मांग की और मांग पूरी न होने पर बरखा को प्रताड़ित किया। शिकायत के मुताबिक पहली बार तीन महीने की गर्भवती होने पर बरखा के साथ मारपीट की गई जिसके बाद गर्भ में बच्चे की मौत हो गई। इसके करीब छह महीने बाद वह दोबारा गर्भवती हुई और जनवरी 2025 में चार महीने की गर्भावस्था के दौरान फिर मारपीट की गई जिससे गर्भ में बच्चे की मौत हो गई। इसके बाद उसे मायके भेज दिया गया।
मांग पूरी न होने पर साथ ले जाने से किया इनकार
पुलिस ने बताया कि जून 2026 में ससुराल पक्ष के लोग बरखा के मायके पहुंचे और दहेज की मांग दोहराई। मांग पूरी न होने पर उसे साथ ले जाने से इनकार करते हुए धमकी दी। पुलिस के अनुसार बरखा ने छह जुलाई 2026 को अदालत में याचिका दाखिल की थी। अदालत के आदेश पर शनिवार को उसके ससुर जेठ-जेठानी और देवर समेत आठ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।











