कुआनो नदी में डूबा युवक: नहाने के दौरान गहरे पानी में समाया, तैरना न आने से गई जान

धनघटा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय युवक की कुआनो नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना मुखलिसपुर पुल के पास प्रजापतिपुर गांव के निकट हुई। जहां युवक स्नान करने के दौरान गहरे पानी में चला गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के बहोरिया कला गांव निवासी सत्येंद्र (21) पुत्र रघुवर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सत्येंद्र किसी कार्य से धनघटा क्षेत्र आया हुआ था। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि वह प्रजापतिपुर गांव स्थित अपने रिश्तेदारों के यहां आया था।फिर उनके साथ कुआनो नदी में स्नान करने गया था। जानकारी के अनुसार स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी की ओर बढ़ गया। उसे तैरना नहीं आता था, जिसके कारण वह पानी में संतुलन नहीं बना सका और डूबने लगा।
गोताखोरों ने चलाया रेस्क्यू अभियान
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने युवक को बचाने का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। धनघटा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोज अभियान शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद युवक को नदी से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजी गई बॉडी
युवक की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी दिलीप सिंह ने बताया कि बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस ने लोगों से नदी और अन्य जलाशयों में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील भी की है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










