सिद्धार्थनगर में घर में दफन मिला नवविवाहिता का शव: निकाह के डेढ़ महीने बाद पति ने की हत्या, दहेज हत्या में तीन पर केस

डुमरियागंज थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाह के महज 42 दिन बाद पति ने पत्नी की हत्या कर शव को घर में ही दफना दिया। इसके बाद उसने मृतका की मां को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में घर में खुदाई कर शव बरामद किया। पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र के दसहवां गांव निवासी मजहर परिवार सहित नासिक में रहते हैं। वहीं उनकी बेटी मुफीदुन (20) की मुलाकात सिद्धार्थनगर के चक मझारी गांव निवासी शमशेर (25) से हुई थी। शमशेर भी नासिक में मजदूरी करता था। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं तो परिवार की सहमति से एक जून को डुमरियागंज में दोनों का निकाह कराया गया। विवाह के बाद दोनों चक मझारी गांव में रहने लगे।
मां ने लगाया दहेज उत्पीड़न का आरोप
मृतका की मां तस्नीबुन्निशा का आरोप है कि शादी के बाद से ही बेटी को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा था। उनका कहना है कि 12 जुलाई को दामाद का फोन आया और उसने कहा कि "तुम्हारी बेटी को मारकर गाड़ दिया है।" पहले उन्हें यह मजाक लगा, लेकिन बाद में बेटी से संपर्क न होने पर शक गहरा गया। अगले दिन शमशेर खुद डुमरियागंज थाने पहुंचा और पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराने का प्रयास किया। इस घटना की जानकारी मिलने पर मृतका की मां थाने पहुंचीं और पूरी बात पुलिस को बताई।
पुलिस की हिरासत में आरोपी
शिकायत के बाद सीओ डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा और नायब तहसीलदार पुलिस बल के साथ आरोपी के घर पहुंचे। तलाशी के दौरान घर में नई खुदी मिट्टी दिखाई दी। संदेह होने पर खुदाई कराई गई, जिसमें नवविवाहिता का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। सीओ बृजेश कुमार वर्मा ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर पर पति शमशेर, उसके पिता निबर और मां के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतका के परिवार में शोक का माहौल है और परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









