देवरिया में पुलिस ने गोतस्कर का किया एनकाउंटर: पैर में गोली लगने से एक घायल, तीन अन्य गिरफ्तार

देवरिया|1 घंटा पहले
पैर में गोली लगने से एक घायल, तीन अन्य गिरफ्तार

लार थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस और गो-तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। वहीं, उसके तीन साथियों को मौके से अरेस्ट कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिकअप वाहन, आठ गोवंशीय पशु, एक अवैध तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

पुलिस के अनुसार, लार थाना क्षेत्र में बुधवार को नियमित वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। लेकिन चालक वाहन लेकर चनुकी पुल की ओर भाग निकला। इसकी सूचना तत्काल कंट्रोल रूम के माध्यम से अन्य पुलिस टीमों को दी गई। इसके बाद फुलवरिया चौराहे पर चेकिंग कर रही भाटपाररानी पुलिस भी घेराबंदी के लिए मौके की ओर रवाना हो गई।

बैरियर तोड़कर भागे

दोनों थाना पुलिस की संयुक्त घेराबंदी के दौरान पिकअप चालक ने बैरियर तोड़ दिया और तेज रफ्तार में भागने का प्रयास किया। चनुकी मोड़ के पास वाहन अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गया। हादसे के बाद वाहन में सवार चारों आरोपी भागने लगे। पुलिस के मुताबिक, घिर जाने पर एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जबकि अन्य तीन आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया गया।

आठ गोवंश, तमंचा और पिकअप बरामद

घायल आरोपी की पहचान बिहार के सिवान निवासी मोहम्मद मुन्ना के रूप में हुई है। गिरफ्तार अन्य आरोपियों में मईल थाना क्षेत्र निवासी चंदन चौरसिया तथा लार थाना क्षेत्र के मोहम्मद फैजल और अनवर अंसारी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक पिकअप वाहन और आठ गोवंशीय पशु बरामद किए हैं। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भाटपाररानी भेजा गया।

पुलिस ने दर्ज किया केस

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। बरामदगी और पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।