महराजगंज में ई-रिक्शा के करंट की चपेट में आई महिला: मौके पर मौत, घर से निकली थीं चारा डालने

कोल्हुई थाना क्षेत्र के मैनहवा गांव में बुधवार सुबह ई-रिक्शा में उतरे करंट की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मैनहवा गांव निवासी शांति देवी बुधवार सुबह पशुओं को चारा डालने के लिए घर से निकली थीं। रास्ते में गांव के एक व्यक्ति का ई-रिक्शा चार्जिंग पर लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि तकनीकी खराबी के कारण वाहन में करंट उतर आया था। जैसे ही शांति देवी ई-रिक्शा के संपर्क में आईं, वह तेज करंट की चपेट में आ गईं। गंभीर झटका लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर कोल्हुई पुलिस भी पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









