रायबरेली में सड़क हादसे में सिपाही समेत तीन की मौत: पुलिया की रेलिंग से टकराई तेज रफ्तार कार, दो की हालत गंभीर

उत्तरप्रदेश|1 घंटा पहले
पुलिया की रेलिंग से टकराई तेज रफ्तार कार, दो की हालत गंभीर

लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक सिपाही समेत तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बछरावां थाना क्षेत्र के खैरहनी चौराहे के पास पुलिया की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी पांच लोग अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई गई है।

जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार सुबह करीब आठ बजे जिला मुख्यालय से लगभग 27 किलोमीटर दूर बछरावां थाना क्षेत्र में हुआ। कार लखनऊ से रायबरेली की ओर जा रही थी। जानकारी के मुताबिक वाहन तेज रफ्तार में था। खैरहनी चौराहे के पास अचानक चालक का नियंत्रण कार से हट गया और वह सीधे हाईवे किनारे बनी मजबूत पुलिया की रेलिंग से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास के लोगों ने धमाके जैसी आवाज सुनी और तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

दो का ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी श्यामलाल पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां भेजा गया। इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रदीप कुमार के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही दो लोगों की मौत हो चुकी थी। वहीं, एक अन्य घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दो गंभीर घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। जहां उनका इलाज जारी है।

मृतकों और घायलों की हुई पहचान

पुलिस के अनुसार, मृतकों में रायबरेली दीवानी न्यायालय की न्यायिक सुरक्षा में तैनात जालौन निवासी सिपाही महाराज सिंह (50), लालगंज के सरेनी निवासी चंद्रपाल सिंह (72) और बछरावां निवासी एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं। वहीं घायलों की पहचान बछरावां के कुंडौली निवासी मोहम्मद रियान (25) और लखनऊ के तेलीबाग निवासी रजत साहू (34) के रूप में हुई है। दोनों का इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।

कार हटाकर बहाल कराया गया यातायात

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार हाईवे पर ही फंसी रही। इससे कुछ देर तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहन को हटवाकर ट्रैफिक सुचारु कराया। दुर्घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए हैं।

दुर्घटना के कारणों की जांच जारी

जानकारों का कहना है कि कार किसी अन्य वाहन से नहीं टकराई, बल्कि सीधे पुलिया की रेलिंग से जा भिड़ी। ऐसे में शुरुआती जांच में चालक को नींद की झपकी आने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। सीओ महाराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच कराई जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।