गोरखपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: दोस्त ने गला घोंटकर की दोस्त की हत्या, अगले दिन खुद ट्रेन से कटकर किया सुसाइड

चौरी चौरा में दो किशोर दोस्तों की मौत के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर घटना का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक 14 वर्षीय शिवा राजभर की उसके दोस्त 17 वर्षीय श्याम राजभर ने गला घोंटकर हत्या की थी। इसके अगले दिन श्याम की भी ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। शिवा का शव 25 सितंबर को चकदेइया गांव स्थित जलकल परिसर के एक कमरे से मिला था, जबकि श्याम का शव 24 सितंबर को सतहवा के पास रेलवे ट्रैक पर मिला था। हालांकि हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। दोनों परिवारों ने घटना पर सवाल उठाते हुए गहन जांच की मांग की है।
पुलिस के अनुसार शिवा और श्याम चौरी चौरा में सातवीं कक्षा में साथ पढ़ते थे और दोनों के बीच दोस्ती थी। 23 सितंबर को दोपहर करीब एक बजे दोनों चकदेइया गांव स्थित जलकल परिसर पहुंचे। परिसर में दोनों के दाखिल होने की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। करीब सवा घंटे बाद श्याम अकेले बाहर निकलता दिखाई दिया। वह अपने कपड़े साफ करते हुए परिसर से निकला और घर चला गया। अगले दिन 24 सितंबर को उसका शव सतहवा के पास रेलवे ट्रैक पर मिला। पुलिस के मुताबिक उसकी मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई।
कमरे से मिला था शिवा का शव
इधर 25 सितंबर को जलकल परिसर के कमरे से शिवा का शव बरामद हुआ। शव से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस के मुताबिक घटनाक्रम की कड़ियां श्याम तक पहुंचीं और उसकी भूमिका सामने आई।
परिजनों से पूछताछ कर रही पुलिस
पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल हत्या की वजह को लेकर है। श्याम ने शिवा की हत्या क्यों की और इसके अगले दिन खुद ट्रेन की चपेट में कैसे आया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस दोनों किशोरों के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। घटना से पहले उनकी गतिविधियों और आपसी संबंधों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
साजिश के तहत मेरे बेटा मारा गया
शिवा की मां मीना ने कहा कि उनके बेटे को साजिश के तहत मारा गया है और मामले की गहन जांच होनी चाहिए। उसके पिता कमलेश राजभर पेंट-पॉलिश का काम करते हैं। उन्होंने किसी से दुश्मनी होने से इनकार किया है। वहीं श्याम के पिता रविंद्र राजभर ने कहा कि दोनों हमेशा साथ घूमते थे, इसलिए उन्हें बेटे पर हत्या का आरोप लगाए जाने की बात पर यकीन नहीं हो रहा।
हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं
चौरी चौरा थाना प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर श्याम द्वारा शिवा की गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। अगले दिन श्याम की ट्रेन से कटकर मौत हुई। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। परिजनों से पूछताछ कर घटना के कारण का पता लगाया जा रहा है।










