देवरिया में दो पक्षों में खूनी संघर्ष: एक ही परिवार के चार लोग घायल, गृहस्वामी की हालत नाजुक

लार थाना क्षेत्र अंतर्गत मठवार्ड धूमनगर गांव में पुराने रास्ते और जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। इस हिंसक झड़प में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से गृहस्वामी की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर सात आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, धूमनगर गांव में रास्ते के पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्ष अचानक आमने-सामने आ गए। पीड़ित परिवार की बेटी सोनम द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, विपक्षी पक्ष के राजू चौहान, जयप्रकाश चौहान, राहुल चौहान, गुड़िया चौहान, गुणवती चौहान, काजल चौहान और पूजा एक राय होकर उनके दरवाजे पर धमक आए।आरोपियों ने वहां मौजूद सूर्य नारायण चौहान (45) के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब सूर्य नारायण ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने पहले से तैयार लाठी-डंडों और धारदार तलवार से उन पर जानलेवा हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पिता को बचाने आए बच्चे भी हुए लहूलुहान
जब आरोपियों ने सूर्य नारायण चौहान पर तलवार से वार करना शुरू किया, तो उन्हें बचाने के लिए उनके दो बेटे धीरज (17) और राजन (15) मौके पर दौड़े। हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में धीरज की एक उंगली भी कट गई है। बीच-बचाव करने आई बेटी सोनम (20) के साथ भी आरोपियों ने लात-घूंसों से मारपीट की।
गंभीर हालत में पिता गोरखपुर रेफर
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से सभी चारों घायलों को तुरंत इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सूर्य नारायण चौहान के सिर और शरीर पर तलवार के गहरे जख्म होने के कारण उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई थी, जिसके चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर किया गया है।
सात नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
लार थाना पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए सोनम की तहरीर पर सभी सात नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की कई टीमें फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।










