बैंक कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल टली: बैठक में IBA और UFBU के बीच बनी सहमति, 5-डे वर्किंग पर बनेगी हाईलेवल कमेटी

नई दिल्ली|
 बैठक में IBA और UFBU के बीच बनी सहमति, 5-डे वर्किंग पर बनेगी हाईलेवल कमेटी

बैंक कर्मचारियों की 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल टल गई है। इंडियन बैंक एसोसिएशन (आईबीए) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के बीच रविवार देर रात हुई बैठक में हड़ताल स्थगित करने पर सहमति बनी। पांच दिन बैंकिंग और सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने की मांग पर आईबीए और यूएफबीयू के प्रतिनिधियों वाली हाईलेवल कमेटी बनाई जाएगी। कमेटी सभी संबंधित पक्षों से चर्चा कर समाधान की दिशा में काम करेगी।

बैंक यूनियनों की प्रमुख मांग सप्ताह में पांच दिन बैंक खोलने की है। फिलहाल बैंकों में दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है, जबकि अन्य शनिवार सामान्य कामकाज के दिन होते हैं। सरकार ने इससे पहले कहा था कि पांच दिन बैंकिंग का प्रस्ताव अभी विचाराधीन है। वित्त मंत्रालय ने 21 सितंबर को बताया था कि पीएलआई योजना को फिलहाल रोक दिया गया है और बाकी मुद्दों पर बातचीत जारी है। पीएलआई को लेकर भी बैंक यूनियनें आपत्ति जता रही थीं। सरकार और यूनियनों के बीच इस मुद्दे पर भी चर्चा हुई है। नई सहमति के बाद फिलहाल तीन दिन की प्रस्तावित हड़ताल नहीं होगी और बैंक 28 से 30 सितंबर तक सामान्य रूप से खुलेंगे।

हड़ताल के लिए रविवार को खुले थे बैंक

हड़ताल की आशंका के चलते 27 सितंबर रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से खोले गए थे। वित्त मंत्रालय ने पहले ही इसके लिए निर्देश जारी किए थे, ताकि 26 सितंबर के चौथे शनिवार और 27 सितंबर के रविवार के बाद लगातार तीन दिन की संभावित हड़ताल से ग्राहकों को लंबा व्यवधान न झेलना पड़े। रिजर्व बैंक ने भी रविवार को बैंक शाखाओं, कार्यालयों और संबंधित बैंकिंग केंद्रों के संचालन की अनुमति दी थी।

सामान्य रूप से संचालित होंगी बैंकिंग सेवाएं

सरकार ने 27 सितंबर को बैंक खोलने का फैसला ग्राहकों की बैंकिंग जरूरतों को देखते हुए लिया था। अब हड़ताल टलने के बाद 28 से 30 सितंबर तक बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होंगी। पांच दिन बैंकिंग की मांग पर आगे की स्थिति हाईलेवल कमेटी की बातचीत और उसके निष्कर्षों पर निर्भर करेगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।