मिलर-बावुमा के शतकों से जीता साउथ अफ्रीका: ऑस्ट्रेलिया 32 रन से हारा, 30 सितंबर को होगा तीसरा वनडे

डेविड मिलर और कप्तान टेम्बा बावुमा के शतकों के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया को 32 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 365 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया 49.4 ओवर में 333 रन पर ऑलआउट हो गया। सीरीज का तीसरा वनडे 30 सितंबर को सेनवेस पार्क में खेला जाएगा।
दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत खराब रही। ऐडन मार्करम पहली ही गेंद पर आउट हो गए, जबकि क्विंटन डी कॉक 36 रन बनाकर पवेलियन लौटे। मैथ्यू ब्रीट्जके भी 30 रन ही बना सके। इसके बाद बावुमा और मिलर ने मोर्चा संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 156 रन की साझेदारी कर पारी को मजबूती दी। बावुमा ने 112 गेंदों में शतक पूरा किया। यह उनके घरेलू मैदान पर पहला वनडे शतक रहा।
मिलर ने 73 गेंदों में जड़ा शतक
मिलर ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 73 गेंदों में सेंचुरी पूरी की। इसके बाद भी उन्होंने रफ्तार कम नहीं की और अगले 20 गेंदों में 39 रन जोड़ दिए। मिलर 142 रन बनाकर आउट हुए। यह उनके वनडे करियर की सबसे बड़ी पारी रही। उनकी पारी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवर में 365 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
मिचेल मार्श और ट्रैविस हेड ने दी तेज शुरुआत
366 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया को मिचेल मार्श और ट्रैविस हेड ने तेज शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 130 रन जोड़े और पावरप्ले में ही टीम का स्कोर 77 रन तक पहुंचा दिया। मार्श ने 32 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 84 रन बनाए। हेड ने 55 गेंदों में फिफ्टी लगाई और 84 रन की पारी खेली। मार्श को ब्योर्न फोर्टुइन ने बोल्ड किया, जबकि हेड को ऐडन मार्करम ने एलबीडब्ल्यू किया। इसके बाद दक्षिण अफ्रीकी स्पिनर्स ने मैच की दिशा बदल दी। केशव महाराज, फोर्टुइन और मार्करम ने मिलकर पांच विकेट लिए। ऑस्ट्रेलिया ने 17वें से 40वें ओवर के बीच 121 रन के अंदर छह विकेट गंवा दिए।
अंतिम दस ओवर में चाहिए था 113 रन
आखिरी 10 ओवर में ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 113 रन चाहिए थे। जैक एडवर्ड्स और जेवियर बार्टलेट ने 61 रन की साझेदारी कर उम्मीद जगाई। बार्टलेट ने 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, लेकिन उनके आउट होते ही ऑस्ट्रेलियाई पारी बिखर गई और टीम 49.4 ओवर में 333 रन पर सिमट गई। उधर, ऑस्ट्रेलिया को नाथन एलिस की चोट से भी झटका लगा। वह सिर्फ चार ओवर गेंदबाजी कर सके और साइड स्ट्रेन के कारण मैदान से बाहर चले गए। जोहान्सबर्ग में मुकाबला पिंक डे के तहत खेला गया। यह आयोजन ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूकता और इलाज के लिए फंड जुटाने के उद्देश्य से होता है। यह पिंक डे का 14वां संस्करण था और दक्षिण अफ्रीका ने इनमें से 10 मुकाबले जीते हैं।










