बैंटन के शतक के बाद चमके ब्रूक-कॉक्स: इंग्लैंड ने श्रीलंका को 223 रन से हराया, 2-1 से सीरीज अपने नाम की

इंग्लैंड ने तीसरे वनडे में श्रीलंका को 223 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड ने 50 ओवर में सात विकेट पर 355 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जैकब बैंटन ने 126 रन की शानदार पारी खेलते हुए अपना पहला वनडे शतक लगाया। हैरी ब्रूक ने 77 और जॉर्डन कॉक्स ने 76 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम 29.1 ओवर में 132 रन पर सिमट गई। इंग्लैंड की ओर से लियाम डॉसन ने तीन और गस एटकिंसन ने दो विकेट लिए।
इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही और दूसरे ओवर में बेन डकेट बिना खाता खोले दिलशान मदुशंका की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद बैंटन और जो रूट ने पारी को संभाला। दोनों ने टीम को 10 ओवर में 50 रन तक पहुंचाया। रूट 37 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद बैंटन और ब्रूक ने मोर्चा संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 150 रन की साझेदारी की। ब्रूक ने 49 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 77 रन बनाए। बैंटन ने 95 गेंदों में अपना पहला वनडे शतक पूरा किया और 126 रन बनाकर आउट हुए।
आखिरी 10 ओवर में बनाए 104 रन
40 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर चार विकेट पर 251 रन था। इसके बाद जॉर्डन कॉक्स ने तेजी से रन बटोरे। उन्होंने 42 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 76 रन की पारी खेली। विल जैक्स और जेमी ओवरटन ने भी आखिरी ओवरों में तेजी से रन जोड़े। इंग्लैंड ने अंतिम 10 ओवर में 104 रन बनाए, जिसमें आखिरी पांच ओवर में 57 रन आए और टीम 355 रन तक पहुंच गई।
132 रन पर ढेर हुई श्रीलंका
356 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। पथुम निसांका एक रन बनाकर आउट हो गए। कुसल मेंडिस ने 35 रन बनाकर पारी को गति देने की कोशिश की, लेकिन एटकिंसन ने उन्हें पवेलियन भेज दिया। कामिंदु मेंडिस भी ज्यादा देर नहीं टिक सके। पवन रत्नायके और चरिथ असलंका ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन रनआउट ने साझेदारी तोड़ दी। इसके बाद श्रीलंका लगातार विकेट गंवाता रहा। डॉसन ने निचले क्रम को समेटते हुए तीन विकेट लिए। एटकिंसन को दो विकेट मिले। श्रीलंका की पूरी टीम 29.1 ओवर में 132 रन पर आउट हो गई।










