गोरखपुर में राइड कैंसिल करने पर भड़का राइडर: युवक को 22 बार किया कॉल, बोला- काटकर फेंक दूंगा

गोरखपुर|
युवक को 22 बार किया कॉल, बोला- काटकर फेंक दूंगा

शहर में राइड कैंसिल करने के बाद एक युवक को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। वाराणसी के बाबतपुर निवासी हेमंत मिश्रा का आरोप है कि राइड कैंसिल करने के बाद राइडर ने उन्हें 22 बार फोन किया। कॉल पर गाली-गलौज करते हुए राइड कैंसिल करने का कारण पूछा और काटकर फेंक देने की धमकी दी। हेमंत ने गोरखनाथ थाने में लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हेमंत के अनुसार वह इस्कॉन मंदिर से जुड़े हैं और धार्मिक गतिविधियों के सिलसिले में देशभर में यात्रा करते हैं। गोरखनाथ मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा की जानकारी मिलने पर वह रविवार शाम करीब आठ बजे गोरखपुर पहुंचे और होटल में ठहरे। सोमवार सुबह कथा सुनने के बाद रामगढ़ताल जाने के लिए रैपिडो से राइड बुक की। बुकिंग में ड्राइवर का नाम मुस्लिम देखकर उन्होंने करीब एक मिनट के भीतर राइड कैंसिल कर दी। आरोप है कि इसके बाद राइडर के लगातार फोन आने लगे और बातचीत के दौरान धमकी दी गई।

एक्स पोस्ट के बाद पुलिस ने किया संपर्क

हेमंत ने बताया कि धमकी भरे कॉल आने के बाद उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर पूरे मामले की जानकारी दी। गोरखपुर पुलिस ने पोस्ट पर जवाब देते हुए उनका मोबाइल नंबर मांगा। नंबर भेजने के बाद एसएसपी ने उन्हें फोन किया और घटना की जानकारी ली। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर हेमंत ने गोरखनाथ थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी।

मामले की जांच कर रही पुलिस

गोरखपुर पुलिस मीडिया सेल के अनुसार शिकायतकर्ता के मोबाइल से कथित तौर पर धमकी देने वाले व्यक्ति का नंबर लिया गया है। अब नंबर और घटना से जुड़े तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।