गोरखपुर में बारिश के बाद सड़कों का होगा पैचवर्क: जलभराव वाले इलाकों में होगी सफाई, पानी निकलते ही होगा दवा का छिड़काव

शनिवार को हुई भारी बारिश के बाद शहर में जलभराव और सड़कों की स्थिति को लेकर नगर निगम और गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने निरीक्षण शुरू कर दिया है। नगर आयुक्त ने नगर निगम और जीडीए की संयुक्त टीम के साथ आर्यन हॉस्पिटल रोड, सर्किट हाउस और जीडीए की आवासीय कॉलोनियों का जायजा लिया। इस दौरान जलनिकासी, सफाई व्यवस्था और बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति देखी गई। अधिकारियों को जलभराव वाले क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर सफाई और खराब सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।
जीडीए की आवासीय कॉलोनियों में जलनिकासी पूरी होने के बाद व्यापक सफाई अभियान चलाया जाएगा। सफाई के बाद चूना, मेलाथियान और एंटी-लार्वा का छिड़काव कराया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक बारिश के बाद जगह-जगह पानी जमा होने से मच्छरों के पनपने की आशंका रहती है। इसलिए पानी निकलने के साथ ही सफाई और दवा के छिड़काव पर फोकस किया जा रहा है।
जल्द कराई जाएगी सड़कों की मरम्मत
निरीक्षण के दौरान बारिश से कई जगह सड़कों के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति सामने आई। नगर आयुक्त ने मुख्य अभियंता अमित शर्मा को खराब सड़कों को चिह्नित करने और गड्ढा मुक्त अभियान के तहत पैचवर्क कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि गड्ढों वाली सड़कों की जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों की आवाजाही सुरक्षित हो सके। निरीक्षण मुख्यमंत्री के आगामी कार्यक्रम की तैयारियों को देखते हुए भी किया गया। इस दौरान जीडीए के उपाध्यक्ष समेत पूरी टीम मौजूद रही। नगर निगम से अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव, प्रमोद कुमार, मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता, जोनल सेनेटरी अधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।










