गोरखपुर में वायरल हुआ फर्जी दरोगा-वकील का वीडियो: लाइक-व्यूज के लिए रची मारपीट की कहानी, पुलिस ने हिरासत में लिया

शाहपुर क्षेत्र में दरोगा और वकील के बीच सड़क पर मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में वकील की ड्रेस पहने एक युवक बाइक सवार दरोगा को रोककर उससे बहस करता नजर आ रहा है। इसके बाद दोनों के बीच मारपीट शुरू हो जाती है। युवक वर्दीधारी को जूते से पीटता है, जबकि बाद में दरोगा भी उसे पीटने लगता है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच कराई तो पूरा मामला फर्जी निकला। पुलिस के अनुसार, वीडियो लाइक और व्यूज हासिल करने के लिए शूट किया गया था। इसमें दिख रहे दोनों युवक न तो असली पुलिसकर्मी हैं और न ही वकील। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
वायरल वीडियो 2 मिनट 55 सेकेंड का है। इसमें काली सदरी और सफेद शर्ट पहने एक युवक सड़क किनारे खड़े फर्जी दरोगा के पास पहुंचता है। उसके साथ दो अन्य युवक भी हैं। तीनों बाइक पर बैठे युवक को घेर लेते हैं। युवक उससे अपने पिता को थाने ले जाने को लेकर सवाल करता है। जवाब में फर्जी दरोगा कहता है कि युवक घर पर नहीं मिला, इसलिए उसके पिता को ले जाना पड़ा।
सड़क पर दोनों के बीच हुई हाथापाई
इसके बाद दोनों के बीच सड़क पर ही हाथापाई शुरू हो जाती है। युवक वर्दी पहने व्यक्ति को जूते से पीटता है और गाली-गलौज करता है। मौके पर पहुंचे कुछ लोग दोनों को अलग कराने की कोशिश करते हैं। इसी दौरान एक युवक सांसद को फोन करने और फर्जी दरोगा का ट्रांसफर कराने की बात कहता है। वीडियो में एक युवक यह भी कहता है कि वीडियो बन चुका है और जो उखाड़ना हो उखाड़ लिया जाए।
पुलिस जांच में सामने आया फर्जीवाड़ा
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि शाहपुर क्षेत्र का वीडियो वायरल हुआ था। इसमें पुलिसकर्मी और अधिवक्ता के बीच विवाद दिखाया गया। जांच में वीडियो फर्जी पाया गया। वीडियो में दिखाई दे रहा पुलिसकर्मी पुलिस विभाग से नहीं है। वहीं, अधिवक्ता की ड्रेस में दिख रहा युवक भी असली वकील नहीं है। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।










