बुलंदशहर में बर्थडे पार्टी बनी मौत की रात: भाजपा नेता के भाई, भतीजे और चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या, केक लगाने से बढ़ा विवाद

उत्तरप्रदेश|26 अप्रैल 2026
भाजपा नेता के भाई, भतीजे और चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या, केक लगाने से बढ़ा विवाद

बुलंदशहर के खुर्जा इलाके में शनिवार रात एक जन्मदिन पार्टी खून-खराबे में बदल गई। मामूली विवाद ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि तीन लोगों की जान चली गई। घटना आरजेएस फिटनेस जिम में हुई जहां बर्थडे पार्टी चल रही थी। आरोप है कि केक लगाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद मुख्य आरोपी और उसके साथियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में भाजपा नेता के भाई, चचेरे भाई और भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस और चश्मदीदों के अनुसार, जिम में बर्थडे पार्टी चल रही थी। इसी दौरान भाजपा नेता के चचेरे भाई ने बर्थडे बॉय के चेहरे पर केक लगा दिया। इस बात पर आरोपी नाराज हो गया। पहले दोनों पक्षों के बीच बहस हुई। माहौल धीरे-धीरे गरम होता गया। कुछ ही मिनटों में कहासुनी झगड़े में बदल गई। इसके बाद आरोपी ने अपने साथियों को बुलाया और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

भाजपा नेता के भाई, भतीजे और चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या, केक लगाने से बढ़ा विवाद

आन-द-स्पॉट तीन लोगों की मौत

फायरिंग इतनी तेज और करीब से की गई कि तीनों को गोली लगते ही उनकी आन-द-स्पॉट मौत हो गई। मृतकों की पहचान मनीष सैनी (30), आकाश सैनी (19) और अमरदीप सैनी (32) के रूप में हुई है। मनीष भाजपा सभासद संजय सैनी के छोटे भाई थे। आकाश उनके भतीजे और अमरदीप चचेरे भाई थे। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

परिवार का दर्द और गुस्सा

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अमरदीप की पत्नी सिमरन ने हाथ जोड़कर इंसाफ की गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि यह पूरी घटना साजिश के तहत हुई है। अमरदीप की बहन राधा ने गुस्से में कहा कि आरोपियों के घरों और फैक्ट्रियों पर बुलडोजर चलना चाहिए। उन्होंने “खून के बदले खून” की मांग भी की। मनीष की बहन रजनी ने कहा कि उनके भाई को दावत के बहाने बुलाकर मार दिया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

भाजपा नेता के भाई, भतीजे और चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या, केक लगाने से बढ़ा विवाद

पुलिस ने आरोपी को किया अरेस्ट

पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी जीतू सैनी और मयंक सैनी समेत 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। अब तक चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, फायरिंग में इस्तेमाल पिस्टल मयंक की थी। वारदात के बाद आरोपी सीसीटीवी का डीवीआर भी अपने साथ ले गए ताकि सबूत मिटाए जा सकें। बाकी आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

जांच में पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

सीओ खुर्जा ने बताया कि मुख्य आरोपी जीतू सैनी का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। दो दिसंबर 2025 को उसने कोर्ट से लौट रहे एक व्यक्ति पर फायरिंग की थी। उस मामले में भी पुलिस ने उसे अरेस्ट कर जेल भेजा था। अब इस एंगल से भी जांच की जा रही है।

भारी पुलिस बल तैनात

घटना के बाद एरिया में तनाव का माहौल है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।