सगाई टूटने के बाद युवक ने सीएम को दी बम से उड़ाने की धमकी: लड़की के भाई को फंसाने के लिए रची साजिश, आरोपी अरेस्ट

उत्तरप्रदेश|08 मई 2026
लड़की के भाई को फंसाने के लिए रची साजिश, आरोपी अरेस्ट

शाहजहांपुर के एक युवक ने सगाई टूटने के बाद ऐसा कदम उठाया, जिसने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। युवक ने योगी आदित्यनाथ को बम से उड़ाने की धमकी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी। इतना ही नहीं, उसने इस धमकी के साथ लड़की के भाई का मोबाइल नंबर भी टैग कर दिया, ताकि पुलिस उसे आरोपी समझकर गिरफ्तार कर ले।

मामला सामने आते ही पुलिस और साइबर सेल एक्टिव हो गई। जांच के बाद प्रयागराज पुलिस ने गुरुवार को आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पूरा जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बदला लेने और लड़की के भाई को फंसाने के लिए पूरी साजिश रची थी।

मेट्रीमोनियल साइट से तय हुई थी शादी

पुलिस के अनुसार आरोपी नितेश कटियार की शादी एक मेट्रीमोनियल वेबसाइट के जरिए तय हुई थी। लड़की का परिवार प्रयागराज के मऊआइमा इलाके में रहता है। दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई और सगाई भी हो गई थी। लेकिन कुछ समय बाद लड़की वालों ने रिश्ता तोड़ दिया। परिवार ने कहा कि वे अपनी बेटी को घर से दूर नहीं भेजना चाहते। इसी बात से नितेश नाराज हो गया। इसके बाद उसका लड़की के भाई पवन चौरसिया से विवाद शुरू हो गया। दोनों के बीच फोन पर कहासुनी भी हुई।

लड़की के भाई को फंसाने के लिए रची साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि नितेश ने बदला लेने के लिए लड़की के भाई को फंसाने की योजना बनाई। उसने छह मई को व्हाट्सएप और फेसबुक पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी वाला पोस्ट डाल दिया। आरोपी ने चालाकी से धमकी वाले पोस्ट में पवन चौरसिया का मोबाइल नंबर भी जोड़ दिया। पोस्ट वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई। मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने पवन को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान पवन ने पूरे मामले की जानकारी दी और नितेश पर शक जताया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। साइबर टीम ने लोकेशन और डिजिटल सबूतों के आधार पर नितेश तक पहुंच बनाई।

साइबर सेल में शिकायत के बाद मांगी थी माफी

पवन चौरसिया ने बताया कि सगाई टूटने के बाद नितेश लगातार फोन कर धमकी दे रहा था। वह गाली-गलौज भी करता था। इससे परेशान होकर उसने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी। पवन के मुताबिक, शिकायत के बाद नितेश ने माफी मांग ली थी। उसने 28 अप्रैल को साइबर पुलिस गाजियाबाद को लिखित माफीनामा भी भेजा। इसके बाद पवन ने शिकायत वापस ले ली थी। लेकिन अंदर ही अंदर नितेश बदला लेने की योजना बनाता रहा।

नगर पंचायत से अरेस्ट हुआ आरोपी

पुलिस ने सर्विलांस और लोकेशन ट्रैकिंग की मदद से आरोपी को ट्रेस किया। गुरुवार को पुलिस टीम शाहजहांपुर के जलालाबाद पहुंची और नगर पंचायत कार्यालय से आरोपी को अरेस्ट कर लिया। बताया जा रहा है कि नितेश जलालाबाद नगर पंचायत में संविदा सफाईकर्मी के तौर पर काम करता है। गिरफ्तारी के बाद उसे प्रयागराज ले जाया गया, जहां पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

कई धाराओं में केस दर्ज

इंस्पेक्टर राममूर्ति यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धमकी देने, माहौल बिगाड़ने और आईटी एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की धमकी बेहद गंभीर मामला है। आरोपी ने निजी दुश्मनी में मुख्यमंत्री को धमकी देकर कानून व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश की। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।