सीएम योगी करेंगे नई फोरलेन सड़क का लोकार्पण: 277.78 करोड़ की लागत से तैयार, पैडलेगंज-फिराक मार्ग पर जाम से मिलेगी राहत

शहर की यातायात व्यवस्था को और सुगम बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण परियोजना जनता को समर्पित होने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 23 जुलाई को सिक्सलेन और फोरलेन फ्लाईओवर के साथ पैडलेगंज से फिराक चौराहा तक तैयार फोरलेन सड़क का भी लोकार्पण करेंगे। शासन से कार्यक्रम के निर्देश मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड-3) ने अंतिम तैयारियां तेज कर दी हैं।
पैडलेगंज से फिराक चौराहा और आगे बेतियाहाता चौराहा तक सड़क चौड़ीकरण परियोजना को वर्ष 2023 में मंजूरी मिली थी। छात्रसंघ चौराहा के रास्ते शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों के कारण इस मार्ग पर रोजाना लंबे जाम की स्थिति बनती थी। सड़क संकरी होने से आवागमन भी प्रभावित रहता था। इसी समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री ने इसे फोरलेन में विकसित करने के निर्देश दिए थे।
सड़क के दोनों ओर नाले का किया निर्माण
लोक निर्माण विभाग ने 277 करोड़ 78 लाख रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया। सड़क चौड़ीकरण के साथ दोनों ओर नालों का निर्माण किया गया तथा उनके ऊपर टाइल्स बिछाकर पैदल यात्रियों के लिए सुविधाजनक मार्ग तैयार किया गया। बीच में डिवाइडर और अर्नामेंटल लाइट भी लगाई गई हैं।
जनसभा स्थल से करेंगे लोकार्पण
विभागीय अभियंताओं ने निर्माण कार्य पूरा कर लिया है। इसके बाद सड़क के लोकार्पण का निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देवरिया बाईपास स्थित जनसभा स्थल से इस परियोजना का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही शहर की तीन प्रमुख विकास परियोजनाएं एक साथ जनता को समर्पित होंगी। नई फोरलेन सड़क शुरू होने से इस मार्ग पर वर्षों से बनी जाम की समस्या में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










