योगी कैबिनेट ने 18 प्रस्तावों को दी मंजूरी: दो नए एक्सप्रेसवे के निर्माण को स्वीकृति, स्कूटी योजना को हरी झंडी

उत्तरप्रदेश|5 घंटे पहले
दो नए एक्सप्रेसवे के निर्माण को स्वीकृति, स्कूटी योजना को हरी झंडी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई उत्तर प्रदेश कैबिनेट बैठक में कुल 18 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में प्रदेश के सड़क नेटवर्क के विस्तार, छात्राओं के लिए नई योजना तथा विभिन्न विभागों से जुड़े अहम प्रस्तावों पर मुहर लगी। साथ ही संभल जांच रिपोर्ट को विधानसभा में पेश करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

कैबिनेट ने प्रयागराज से सोनभद्र तक 330 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे के निर्माण को मंजूरी दी। इसके अलावा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले 117 किलोमीटर लंबे विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे को भी स्वीकृति मिल गई। वहीं, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे के लिए ईपीसी मोड पर विकासकर्ता के चयन के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

'रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना' शुरू करने का फैसला

उच्च शिक्षा विभाग के तहत 'रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना' शुरू करने का निर्णय लिया गया है। योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में सभी प्रकार के कॉलेजों की टॉप पांच प्रतिशत उत्तीर्ण छात्राओं को पेट्रोल चालित स्कूटी वितरित की जाएगी। दिव्यांग छात्राओं तथा शहीद एवं निराश्रित परिवारों की छात्राओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा महिला कल्याण, गृह, राज्यकर, परिवहन, स्टांप एवं पंजीकरण तथा सहकारिता विभाग से जुड़े कई प्रस्तावों को भी कैबिनेट की मंजूरी मिली।

तीन से छह अगस्त तक चलेगा मानसून सत्र

बैठक में यह भी तय किया गया कि उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र तीन से छह अगस्त तक आयोजित होगा। इस दौरान सरकार अपने विधायी कार्यों को पूरा करेगी। वहीं, विपक्ष ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी की है, जिसके चलते सत्र के दौरान तीखी बहस और हंगामे के आसार जताए जा रहे हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।