गोरखपुर में सड़क हादसे में घायल युवती की मौत: स्कूल से बच्चों को छोड़कर लौट रही थीं घर, बाइक चालक पर केस दर्ज

उत्तरप्रदेश|9 घंटे पहले
स्कूल से बच्चों को छोड़कर लौट रही थीं घर, बाइक चालक पर केस दर्ज

बेलीपार थाना क्षेत्र के महावीर छपरा चौराहे पर चार दिन पहले हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल किरण यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर में गंभीर रूप से घायल किरण ने चार दिन तक जिंदगी के लिए संघर्ष किया। लेकिन चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।

पुलिस के अनुसार, जंगल रानी सोहास कुंवरी टोला, महावीर छपरा निवासी मंडल यादव की पुत्री किरण यादव 17 जुलाई को स्कूल से बच्चों को छोड़कर घर लौट रही थीं। महावीर छपरा चौराहे पर पीछे से तेज गति से आई एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

गंभीर चोटों के कारण बिगड़ती रही हालत

हादसे में किरण के दाहिने हाथ और पैर में फ्रैक्चर हो गया था। उनके सीने की हड्डी भी टूट गई थी, जबकि सिर में गंभीर चोट आई थी। पहले उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बाद में परिजनों ने बेहतर इलाज की उम्मीद में उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन उनकी हालत लगातार नाजुक बनी रही।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

लगातार चार दिन तक चले उपचार के बावजूद किरण को बचाया नहीं जा सका। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। किरण दो भाइयों और एक बहन के बीच दूसरे नंबर पर थीं। उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव के इटऊवा घाट पर किया गया। गांव में भी शोक का माहौल है।

सीसीटीवी चेक कर रही पुलिस

बेलीपार पुलिस ने मृतका के पिता मंडल यादव की तहरीर पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि बाइक के पंजीकरण नंबर के आधार पर चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के जिम्मेदार चालक को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।